जिला कलक्टर काना राम ने वजीरपुर में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली
कलक्टर ने पेयजल आपूर्ति, जल जीवन मिशन और टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा कर अधिकारियों को विकास कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए।

वजीरपुर उपखण्ड कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते जिला कलक्टर काना राम (बाएं नीली मेज पर)।
जिला कलक्टर काना राम ने गुरुवार को वजीरपुर उपखण्ड क्षेत्र का दौरा कर उपखण्ड कार्यालय में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आमजन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से निस्तारित करते हुए विकास कार्यों में गति लाने के सख्त निर्देश दिए।
उपखण्ड अधिकारी कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने विभागवार योजनाओं की प्रगति, रसद, राजस्व एवं राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, जल जीवन मिशन एवं समर कंटीजेंसी कार्यों में तेजी लाने तथा खराब हैंडपंपों को तत्काल प्रभाव से दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत विभाग को बिजली आपूर्ति संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान करने तथा पीएम कुसुम योजना के तहत किसानों को सोलर सिस्टम के प्रति अधिकाधिक जागरूक करने के निर्देश प्रदान किए।
जिला कलक्टर ने सड़कों की स्थिति, कानून व्यवस्था, कृषि, चिकित्सा एवं शिक्षा विभाग के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए राजस्व के लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण पर बल दिया। उन्होंने राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित करने तथा अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड में जाकर आमजन से संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उन्होंने टी.बी. मुक्त भारत अभियान के तहत सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों से निक्षय मित्र बनकर निक्षय किट वितरण में सहयोग करने तथा अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने की अपील की। साथ ही हरियालो राजस्थान अभियान की पूर्व तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभागवार लक्ष्य अनुसार पौधारोपण स्थलों का चयन, गड्ढे खुदवाने एवं जियो टैगिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने सभी कार्यालयों में ई-फाइल एवं ई-डाक प्रणाली के प्रभावी उपयोग पर जोर देते हुए कार्यों को पूर्णतः डिजिटल माध्यम से संचालित करने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता से कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने विकास अधिकारी डॉ. जगदीश गुर्जर को सड़कों की मरम्मत कार्यों की जांच करने तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग को डीएलपी अवधि में आने वाली सड़कों पर 30 मई तक पेचवर्क कार्य पूर्ण कराने के निर्देश प्रदान किए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने उपखण्ड अधिकारी कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का अवलोकन कर अभिलेखों एवं दस्तावेजों की जांच की तथा लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
इसके पश्चात जिला कलक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरपुर का निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ओपीडी, आईपीडी, आपातकालीन कक्ष, दवा वितरण केंद्र एवं विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। महिला वार्ड में भर्ती नव प्रसूताओं एवं उनके परिजनों से संवाद कर उपचार एवं सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ करने, भवन मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्यों पर ध्यान देने तथा मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी चिकित्सक एवं कार्मिक निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करें, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी सुधा रानी मीणा, विकास अधिकारी डॉ. जगदीश गुर्जर, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन: 17 पीआरओ 17 एवं 18 बैठक में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित करते जिला कलक्टर काना राम।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
