जिला कलक्टर काना राम ने शुक्रवार को चौथ का बरवाड़ा उपखण्ड क्षेत्र की ग्राम पंचायत शिवाड़ का दौरा कर भारत निर्माण सेवा केंद्र शिवाड़ में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं, जनसेवा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

बैठक में जिला कलक्टर ने विभागवार योजनाओं की प्रगति, रसद व्यवस्था, राजस्व प्रकरणों एवं राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन से जुड़े सभी प्रकरणों का प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे किसी भी नागरिक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने विद्युत विभाग को बिजली आपूर्ति संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा पीएम कुसुम योजना के तहत अधिकाधिक किसानों को सोलर सिस्टम लगाने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सड़कों की स्थिति, चिकित्सा सेवाओं एवं शिक्षा विभाग की प्रगति की समीक्षा कर लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

जिला कलक्टर ने राजस्व विभाग के लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने सभी ब्लॉक स्तरीय कार्यालयों में ई-फाइल एवं ई-डाक प्रणाली के प्रभावी उपयोग पर बल देते हुए कार्यालयी कार्यों को अधिकतम डिजिटल माध्यम से संचालित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने टी.बी. मुक्त भारत अभियान की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों से निक्षय मित्र बनकर निक्षय किट वितरण में सहयोग करने तथा अभियान को जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने की अपील की।

दौरे के दौरान आयोजित जनसुनवाई में जिला कलक्टर ने आमजन की समस्याएं भी सुनीं। ग्रामीणों द्वारा राजनेट सेवा प्रारंभ करवाने एवं नवीन आंगनबाड़ी केंद्र खोलने सहित विभिन्न मांगें रखी गईं। इस पर जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ प्रकरणों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नवीन आंगनबाड़ी केंद्र के संबंध में सर्वे करवाकर प्रस्ताव तैयार कर भिजवाने के निर्देश सीडीपीओ को प्रदान किए।

इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी जोगिंदर सिंह, विकास अधिकारी इंद्र कुमार मीणा, तहसीलदार नीरज सिंह, प्रशासक प्रेम देवी निराला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story