चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती: सवाई माधोपुर में 375 अभ्यर्थियों की ऑनलाइन काउंसलिंग आज से, 30 जुलाई तक स्कूल विकल्प लॉक करना जरूरी
सवाई माधोपुर में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती-2024 के तहत 375 अभ्यर्थियों की ऑनलाइन काउंसलिंग 28 से 30 जुलाई तक होगी। समय पर विद्यालय विकल्प लॉक नहीं करने पर कहीं भी पदस्थापन मिल सकता है।

जिले में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सीधी भर्ती-2024 की नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए 446 रिक्त पदों के विरुद्ध 375 पात्र अभ्यर्थियों की ऑनलाइन काउंसलिंग 28 से 30 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएगी। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर के निर्देशानुसार यह पूरी प्रक्रिया शाला दर्पण पोर्टल के एसएसपीएमएस मॉड्यूल के माध्यम से संपादित होगी।
जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक, सवाई माधोपुर हरकेश मीना ने बताया कि सभी पात्र अभ्यर्थियों के लिए शाला दर्पण पोर्टल पर पंजीकरण कर ऑनलाइन काउंसलिंग में भाग लेना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थी 28 जुलाई प्रातः 11 बजे से 30 जुलाई सायं 4 बजे तक अपनी वरीयता के अनुसार विद्यालयों का चयन कर विकल्प लॉक कर सकेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयावधि के भीतर प्रक्रिया पूर्ण नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को पोर्टल द्वारा जिले में कहीं भी पदस्थापन (Anywhere in District) आवंटित किया जा सकता है। इसलिए सभी पात्र अभ्यर्थियों को समय पर विद्यालयों का चयन कर अपने विकल्प लॉक करना आवश्यक होगा।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि 30 जुलाई को अभ्यर्थियों द्वारा भरे गए विकल्पों के आधार पर परिणाम तैयार किया जाएगा। इसके बाद 30 से 31 जुलाई के बीच शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण योग्यताओं, दिव्यांगता, आपराधिक प्रकरणों सहित अन्य अभिलेखों का परीक्षण किया जाएगा। परीक्षण के उपरांत पात्र अभ्यर्थियों के नियुक्ति आदेश जारी किए जाएंगे।
हरकेश मीना ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित समयावधि में ऑनलाइन पंजीकरण और काउंसलिंग प्रक्रिया पूर्ण करने तथा विभागीय दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि नियुक्ति प्रक्रिया समयबद्ध, पारदर्शी एवं सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
