चौथ का बरवाड़ा में बिजली व्यवस्था मजबूत, भेडोला-बलरिया जीएसएस पर लगे 5 एमवीए ट्रांसफार्मर
चौथ का बरवाड़ा क्षेत्र में भेडोला और बलरिया जीएसएस पर 5 एमवीए ट्रांसफार्मर स्थापित, 4,630 उपभोक्ताओं को मिलेगी बेहतर बिजली आपूर्ति।

तस्वीर में तकनीशियन चौथ का बरवाड़ा के ग्रिड सब-स्टेशन पर पावर ट्रांसफार्मर के रख-रखाव और क्षमता विस्तार के कार्य में जुटे हुए दिखाई दे रहे हैं।
चौथ का बरवाड़ा क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। क्षेत्र के 33/11 केवी ग्रिड सब-स्टेशन (जीएसएस) भेडोला एवं बलरिया पर स्थापित 3.15 एमवीए क्षमता के पावर ट्रांसफार्मरों को हटाकर उनकी जगह 5 एमवीए क्षमता के नए पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं।
पावर ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ने से क्षेत्र के लगभग 4,630 कृषि एवं घरेलू उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण, विश्वसनीय एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा। विद्युत मांग में लगातार वृद्धि को देखते हुए यह क्षमता विस्तार किया गया है, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की स्थिति में सुधार आने के साथ ही भविष्य की आवश्यकताओं को भी पूरा करने में मदद मिलेगी।
अधीक्षण अभियंता (ऑपरेशन एवं संधारण) आर.के. मीना ने बताया कि बढ़ती विद्युत मांग को देखते हुए दोनों ग्रिड सब-स्टेशनों पर ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई गई है। इससे ट्रांसफार्मरों पर बढ़ते भार का प्रभावी प्रबंधन होगा। साथ ही ओवरलोडिंग एवं लो-वोल्टेज जैसी समस्याओं में कमी आएगी और उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
मीना ने बताया कि भेडोला जीएसएस से जुड़े झोपड़ा, जगमोड़ा, सिटोटी, सरकुण्ड, शेरसिंहपुरा, आन्दोली, भेडोला, नयागांव, विजयपुर एवं भेडोली सहित आसपास के गांवों के 520 कृषि एवं 1,760 घरेलू, कुल 2,280 उपभोक्ताओं को इस क्षमता वृद्धि का सीधा लाभ मिलेगा।
वहीं 33/11 केवी बलरिया जीएसएस से जुड़े चैनपुरा, बलरिया, गोपालपुरा, रजकाना, रतनपुरा, गणेशगंज, कुम्हरिया, जापेड़ा एवं पावडेरा सहित आसपास के गांवों के 750 कृषि एवं 1,600 घरेलू, कुल 2,350 उपभोक्ताओं को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध होगी।
अधीक्षण अभियंता आर.के. मीना ने कहा कि विद्युत तंत्र के आधुनिकीकरण एवं क्षमता वृद्धि के ऐसे कार्य उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। जयपुर डिस्कॉम भविष्य में भी उपभोक्ताओं को निर्बाध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण एवं आधुनिकीकरण के कार्य प्राथमिकता के आधार पर जारी रखेगा।
भेडोला एवं बलरिया जीएसएस पर 5 एमवीए क्षमता के नए पावर ट्रांसफार्मर स्थापित होने से चौथ का बरवाड़ा क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को नई मजबूती मिली है और हजारों उपभोक्ताओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
