सवाई माधोपुर, 20 नवंबर। बाल अधिकार सप्ताह के अवसर पर जिला बाल संरक्षण इकाई एवं बाल अधिकारिता विभाग की पहल में बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा को लेकर जिले में जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान का नेतृत्व चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के कॉर्डिनेटर मुकेश वर्मा ने किया, जिसमें बाल सुरक्षा, बाल विवाह, बाल श्रम और शोषण जैसे संवेदनशील मुद्दों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया।

इस दौरान टीम ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कुतलपुरा, बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सूरवाल, त्रिनेत्र बाल गृह, उच्च माध्यमिक विद्यालय रामड़ी, चौथ का बरवाड़ा, पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय सिटी सवाई माधोपुर और रेलवे स्टेशन सवाई माधोपुर में जाकर बच्चों और शिक्षकों को उनके कानूनी अधिकारों से अवगत कराया। छात्र-छात्राओं को यौन शोषण के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई और बाल विवाह रोकने के लिए बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 की व्याख्या की गई। अधिनियम के तहत लड़कियों के लिए 18 वर्ष और लड़कों के लिए 21 वर्ष से कम आयु में विवाह करना पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है।

अभियान के दौरान छात्रों और शिक्षकों ने बाल विवाह न करने की शपथ ली। कार्यक्रम में मानव तस्करी विरोधी इकाई से सैयद अंसार अली, रेलवे सुरक्षा बल से एएसआई पृथ्वीसिंह मीणा और अर्चना पाठक, चाइल्ड हेल्पलाइन टीम से काउंसलर लवली जैन, सुपरवाइजर कपिल स्वर्णकार, हनुमान सैनी, मीना कुमारी, केस वर्कर लोकेश बैरवा, राहुल सिंह और दिलखुश वर्मा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

इस जागरूकता अभियान ने बच्चों के कानूनी अधिकारों और सुरक्षा के प्रति चेतना बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, और इसे जिले में बाल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।


Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story