जयपुर/सवाई माधोपुर, 6 नवंबर। राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव श्री सुधांश पंत ने की। उन्होंने बैठक में कहा कि जनता तक सूचना समय पर, सही और सरल भाषा में पहुँचाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

मुख्य सचिव श्री पंत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे संबंधित जिलों और विभागों में ऑनरशिप (Ownership) के साथ कार्य करें और कार्यक्षेत्र में प्रोएक्टिव एवं अग्रेसिव एप्रोच अपनाएं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि खबरों में ह्यूमन एंगल जोड़ने और कंटेंट की गुणवत्ता को महत्व देने पर विशेष ध्यान दें, जिससे जनता के बीच संदेश अधिक प्रभावी और स्वीकार्य हो। इसके साथ ही उन्होंने नैरेटिव निर्माण, इमेज बिल्डिंग और कंटेंट बैंक तैयार करने की दिशा में भागीदारी बढ़ाने के निर्देश भी दिए।

बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग राज्य सरकार की “आंख, कान और नाक” है। अधिकारियों का दायित्व केवल कार्यक्रमों और गतिविधियों का कवरेज करना ही नहीं, बल्कि जनता में विश्वास और विश्वसनीयता का संचार करना भी है। उन्होंने अधिकारियों को सलाहकार की भूमिका अपनाते हुए सचिव, कलक्टर और मंत्रीगण के मार्गदर्शन में प्रचार-प्रसार कार्य करने के निर्देश दिए।

साथ ही उन्होंने अधिकारियों को गलत खबरों की समयबद्ध सत्यापन प्रक्रिया (Fact Check) अपनाने, खंडन और तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार कर जनता तक वास्तविक जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया। सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अधिकारियों को लक्षित रणनीति के साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की रीच बढ़ाने के निर्देश दिए। कंटेंट निर्माण में विकास कार्यों और उपलब्धियों की तुलनात्मक जानकारी शामिल करने पर भी जोर दिया गया।

मुख्य सचिव ने कहा कि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को राज्य सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और सफलता की कहानियों का निरंतर संकलन करना चाहिए ताकि विशेष अवसरों पर प्रभावी कंटेंट का निर्माण किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को विज्ञापनों में कंटेंट को सारगर्भित बनाने और व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार के लिए सक्रिय रहने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर विभाग के आयुक्त एवं शासन सचिव श्री संदेश नायक ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभाग की गतिविधियों और प्रचार-प्रसार कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अतिरिक्त निदेशक, संयुक्त निदेशक, उपनिदेशक, मुख्य फोटो अधिकारी और प्रदेश के सभी जिला कार्यालयों के जनसंपर्क सेवा के अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े।

मुख्य सचिव श्री पंत की यह बैठक राज्य सरकार की योजनाओं की पारदर्शिता और जनता तक सही सूचना पहुंचाने के दृष्टिकोण को और मजबूती प्रदान करने के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story