सवाई माधोपुर में मुख्यमंत्री ने लखपति दीदियों से किया संवाद, डिजिटल सशक्तिकरण के तहत टेबलेट वितरण
सवाई माधोपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लखपति दीदियों से संवाद किया, उनकी आत्मनिर्भरता की यात्रा को साझा किया और डिजिटल सशक्तिकरण के तहत 75 से अधिक लखपति दीदियों को टेबलेट वितरित किए। कार्यक्रम ने महिलाओं के आर्थिक और डिजिटल सशक्तिकरण में नई दिशा दी।

सवाई माधोपुर, 21 दिसम्बर। राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर “2 साल: नव उत्थान–नई पहचान, बढ़ता राजस्थान–हमारा राजस्थान” कार्यक्रमों की श्रृंखला में रविवार को ओटीएस सभागार में राज्य स्तरीय लखपति दीदी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने राजीविका से जुड़ी लखपति दीदियों से उनके आत्मनिर्भरता के अनुभवों और आजीविका गतिविधियों पर चर्चा की। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सभी जिला मुख्यालयों पर किया गया, जिससे राज्यभर की लखपति दीदियों तक यह संवाद पहुँचा।
मुख्यमंत्री ने संवाद के दौरान लखपति दीदियों से उनके सशक्तिकरण की यात्रा, आर्थिक सहयोग और आत्मविश्वास के अनुभव साझा किए। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विभिन्न जिलों की लखपति दीदियों से भी संवाद कर उनके प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर राज्य सरकार द्वारा डिजिटल सशक्तिकरण का संदेश देते हुए लखपति दीदियों को टेबलेट वितरण भी किया गया। वर्तमान में प्रदेश में 19.45 लाख महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया है, जिनमें से 12 लाख से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा चुका है।
जिला स्तरीय लखपति दीदी संवाद कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुआ, जिसका मुख्य आतिथ्य जिला कलक्टर काना राम ने किया। कार्यक्रम में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया, डीपीएम राजीविका जगदीश प्रसाद मीणा सहित संबंधित अधिकारी और स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं उपस्थित रहीं। जिला कलक्टर काना राम ने कहा कि लखपति दीदी योजना ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की मजबूत पहल है। उन्होंने बताया कि आर्थिक स्वावलंबन से महिलाएं अब परिवार और समाज में निर्णायक भूमिका निभा रही हैं और डिजिटल साधनों के माध्यम से शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में भी अहम योगदान देंगी।
डीपीएम राजीविका जगदीश प्रसाद मीणा ने बताया कि जिले की 75 से अधिक लखपति दीदियों को टेबलेट प्रदान किए जाएंगे। इससे महिलाओं की डिजिटल साक्षरता बढ़ेगी और वे स्वयं सहायता समूहों से जुड़े विभिन्न सेवाओं जैसे पेंशन सत्यापन, जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और ऑनलाइन आवेदन में घर बैठे मदद कर सकेंगी। उन्होंने यह भी बताया कि लखपति दीदी, ड्रोन दीदी, बैंक सखी और राजीविका समूहों से जुड़ी अन्य महिलाओं को भी चरणबद्ध रूप से टेबलेट उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस योजना से लाभान्वित हुईं प्रियंका भार्गव (रोशनी-धन लक्ष्मी समूह), मीरा देवी (गुरु महाराज समूह), मोबिना बानो (बालाजी समूह), पिंकी देवी (चंडी माता समूह), छोटी मीना (झांसी की रानी समूह), अफसाना बानो (राधे-राधे समूह), इन्द्रा गुप्ता (सत्गुरु समूह), सुनीता (रोशनी समूह), सुमित्रा बैरवा (उजाला समूह) सहित कई अन्य लखपति दीदियों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि पहले वे सीमित आय में परिवार चलाने के लिए संघर्ष कर रही थीं, लेकिन लखपति दीदी योजना से जुड़ने के बाद उन्हें प्रशिक्षण, आर्थिक सहयोग और आत्मविश्वास मिला। आज ये महिलाएं न केवल अपने परिवार का सहारा हैं, बल्कि अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनी हैं।
कार्यक्रम के अंत में लखपति दीदियों ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया और कहा कि टेबलेट वितरण से उनका सम्मान और स्वाभिमान बढ़ा है। यह पहल राज्य सरकार की दूरदर्शी सोच और महिलाओं के सशक्तिकरण की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
- सवाई माधोपुर लखपति दीदी संवाद 2025मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा लखपति दीदीराजस्थान महिलाओं का सशक्तिकरणलखपति दीदी योजना डिजिटल सशक्तिकरणलखपति दीदी टेबलेट वितरणराजीविका समूह सवाई माधोपुरमहिलाओं की आत्मनिर्भरता राजस्थानस्वयं सहायता समूह लखपति दीदीग्रामीण महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरणसवाई माधोपुर जिला स्तरीय लखपति दीदी कार्यक्रमराजीविका प्रशिक्षण लखपति दीदीडिजिटल साक्षरता महिलाओं राजस्थानलखपति दीदी अनुभव साझा करनाराजस्थान सरकार महिला योजनामहिला आजीविका एवं सशक्तिकरण राजस्थान

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
