गंगापुर सिटी। खेल और सौहार्द का संदेश देने वाले मैत्री क्रिकेट मैच में रविवार को रोमांचक नज़ारा देखने को मिला, जब चेतन अग्रवाल की विस्फोटक बल्लेबाज़ी के दम पर लीजेंड स्टार टीम ने व्यापार मंडल को एकतरफा मुकाबले में पराजित कर दिया। यह मैत्री मैच डीसी फिजो केयर एवं भगवती ग्रुप ऑफ एजुकेशन के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल मैदान पर आयोजित किया गया।

मैच की शुरुआत टॉस से हुई, जिसे बॉस व्यापार मंडल के अध्यक्ष गोविंद प्रसाद अग्रवाल ने संपन्न कराया। टॉस में व्यापार मंडल के कप्तान सुनील खुंटामार और लीजेंड स्टार के कप्तान डॉ. अनुज शर्मा आमने-सामने रहे। टॉस जीतकर व्यापार मंडल ने पहले बल्लेबाज़ी करने का निर्णय लिया। उनकी ओर से अथर्व ने 25 गेंदों में 46 रनों की आक्रामक पारी खेली, जबकि अंकुर ने मात्र 13 गेंदों पर 27 रन जोड़कर स्कोर को गति दी। हालांकि, अमित बॉस और डॉ. डीसी शर्मा की सधी हुई गेंदबाज़ी के सामने व्यापार मंडल की टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में असफल रही।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी लीजेंड स्टार की टीम ने शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बना ली। चेतन अग्रवाल ने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट्स लगाते हुए मात्र 34 गेंदों में 72 रनों की तूफानी पारी खेली, जिससे मुकाबला पूरी तरह एकतरफा हो गया। लीजेंड स्टार ने 11.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर शानदार जीत दर्ज की।

अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए चेतन अग्रवाल को ‘मैन ऑफ द मैच’ से सम्मानित किया गया। वहीं, अथर्व मित्तल को ‘सिक्स ऑफ द मैच’ और सटीक गेंदबाज़ी के लिए अमित बॉस को ‘बॉलर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार प्रदान किया गया। मैच के दौरान विष्णु डगायच, अनिल मित्तल, हरि नारायण रावत, धनेश अग्रवाल, विष्णु गुप्ता, सुरेंद्र मित्तल, घनश्याम गुप्ता, महेंद्र जैन, नीटू सिंह धावाई, गोविंद पाराशर, सोमदत्त शर्मा, पप्पन खान, आबिद खान, दीपक मीणा, रविंद्र रंगा, अंकित गुप्ता सहित अनेक गणमान्य नागरिक और खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

यह मैत्री मैच न केवल खेल भावना का प्रतीक बना, बल्कि गंगापुर सिटी में सामाजिक समरसता और आपसी सौहार्द को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण आयोजन सिद्ध हुआ।

Next Story