हाड़ौती और पूर्वी राजस्थान की कनेक्टिविटी और विकास को नई गति प्रदान करने की दिशा में क्षेत्र को एक ऐतिहासिक परियोजना की सौगात मिली है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को कोटा जिले के इटावा खंड स्थित ढीपरी चम्बल और बून्दी जिले के चाणदा खुर्द के बीच चम्बल नदी पर बनने वाले बहुप्रतीक्षित 256 करोड़ रुपये की लागत के उच्च स्तरीय पुल का विधि-विधान से भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इस गरिमामयी अवसर पर राजस्थान सरकार के कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री किरोड़ी लाल मीणा की विशिष्ट उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान केवल हाईलेवल ब्रिज ही नहीं, बल्कि सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कुल 281 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास संपन्न हुआ।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस महत्वपूर्ण पुल के निर्माण में वन विभाग की आपत्तियां लंबे समय से बाधक बनी हुई थीं, जिसके कारण कई परियोजनाएं वर्षों तक अटकी रहीं, लेकिन अब इन सभी अड़चनों को दूर कर लिया गया है। उन्होंने रेखांकित किया कि चंबल क्षेत्र के 30 किलोमीटर के दायरे में कई पुलों का जाल बिछाया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी में क्रांतिकारी बदलाव आएगा। बिरला ने बताया कि झरेल पुल के निर्माण से सवाईमाधोपुर से संपर्क सुगम होगा, वहीं शहनावदा और मध्य प्रदेश के पनवाड़ा के बीच पार्वती नदी पर भी नए हाईलेवल ब्रिज का निर्माण सुनिश्चित किया जाएगा। रेल कनेक्टिविटी पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि ढीपरी पुल बनने के बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे तक पहुंच आसान हो जाएगी, जिससे दिल्ली की दूरी मात्र 4 घंटे और उज्जैन महाकाल मंदिर तक की दूरी लगभग 3.30 घंटे रह जाएगी। श्योपुर से दीगोद तक रेल सेवा के लिए सर्वे पूर्ण हो चुका है, जो भविष्य में इस क्षेत्र को सीधे रेल मानचित्र पर लाएगा। उन्होंने संकल्प दोहराया कि नौनेरा डेम के माध्यम से हर घर तक नल से जल पहुंचाकर माताओं-बहनों की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा।

कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने इस अवसर पर कहा कि हाड़ौती और पूर्वी राजस्थान को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से जोड़ना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने 'डबल इंजन' सरकार की प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि चंबल का पानी अलवर तक पहुंचना कभी कल्पना मात्र था, लेकिन अब लगभग 78 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली राम जल सेतु (PKC-ERCP) परियोजना से राजस्थान के 21 जिलों की प्यास बुझेगी और किसानों के खेत सरसब्ज होंगे। मंत्री मीणा ने कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी कि बाढ़ प्रभावितों के मुआवजे में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने नकली खाद बेचने वालों के खिलाफ 127 लाइसेंस रद्द करने की जानकारी दी और कहा कि फसल बीमा में गड़बड़ी करने वाले अधिकारियों को अंजाम भुगतना होगा। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर ने कहा कि आजादी के बाद क्षेत्र में विकास का ऐसा स्वर्णिम दौर पहले कभी नहीं देखा गया।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री रामगोपाल बैरवा, इटावा प्रधान रिंकू मीणा, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष प्रहलाद पंवार, पूर्व प्रधान विजय शंकर नागर, एसटी मोर्चा प्रदेश महामंत्री अशोक मीणा, जिला महामंत्री विशाल शर्मा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष आशा त्रिवेदी, जिला उपाध्यक्ष पवन हाड़ा, जिला मंत्री सुल्तान बैरवा, लेखराज बैरवा, राजेश प्रजापति, वरिष्ठ जन सीताराम मीणा, रणजीत आर्य, खातौली मंडल अध्यक्ष विरेन्द्र सुमन, ढीपरी चम्बल अध्यक्ष मुकेश नागर और इन्द्रगढ़ ग्रामीण अध्यक्ष कैलाश गोचर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे

Updated On
Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story