सवाई माधोपुर, 25 नवम्बर। जिला परिषद सवाई माधोपुर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) गौरव बुड़ानिया ने सोमवार को पंचायत समितियों में आकस्मिक निरीक्षण कर ग्रामीण विकास कार्यों की स्थिति का कड़ा आकलन किया। निरीक्षण के दौरान पंचायत समिति बामनवास की टुंडीला ग्राम पंचायत का नवनिर्मित पंचायत भवन लगभग दो वर्षों से बंद पाया गया, वहीं परिसर की सफाई व्यवस्था अत्यंत असंतोषजनक मिली।

लापरवाही के चलते सीईओ ने ग्राम विकास अधिकारी वेद प्रकाश को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। गौरव बुड़ानिया ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पंचायत भवन का निर्माण कार्य अगले दो दिवस में पुनः प्रारम्भ किया जाए और प्रगति की रिपोर्ट नियमित रूप से जिला परिषद को भेजी जाए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर ठेकेदार सफाई और निर्माण कार्यों में लापरवाही जारी रखता है, तो उसे ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों से भी संवाद किया गया, जिसमें सफाई व्यवस्था, नवनिर्मित भवन की स्थिति और स्थानीय समस्याओं पर जानकारी प्राप्त की गई। टुंडीला ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत कार्य रोक रखा गया था, जिसे सीईओ ने तुरंत पुनः प्रारम्भ कराने के निर्देश दिए।

साथ ही, पंचायत समिति मलारना डूंगर की बेहतेड़ ग्राम पंचायत में चल रहे सीसी रोड निर्माण कार्य की गुणवत्ता भी अत्यंत निम्न पाई गई। सीईओ ने निर्देश दिए कि नियमों के विरुद्ध कार्य कराने वाले ठेकेदार से संपूर्ण भुगतान की वसूली की जाएगी। उन्होंने ग्राम विकास अधिकारियों को सफाई व्यवस्था सुधारने, अगले दिन से नियमित सफाई शुरू करने और दैनिक सफाई कार्य की फोटो रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया। निर्माण सामग्री की घटिया आपूर्ति करने वाले सप्लायर को भी ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश प्रदान किए गए।

सीईओ गौरव बुड़ानिया ने अंत में स्पष्ट किया कि ग्रामीण विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी पंचायतों को पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के मानकों के अनुरूप कार्य करना अनिवार्य होगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story