अखिल भारतीय मीणा संघ के प्रदेश महासचिव राम अवतार मीणा ने जनगणना को राष्ट्रीय महत्व का व्यापक कार्यक्रम बताते हुए इसे “राष्ट्रीय यज्ञ” की संज्ञा दी है। उन्होंने कहा कि इस कार्य में संलग्न प्रत्येक कार्मिक अपने कार्य, निष्ठा और समर्पण के माध्यम से देश के भविष्य की सशक्त नींव रखने का पुनीत दायित्व निभा रहा है।

राम अवतार मीणा ने जनगणना कार्य में शामिल होने वाले सभी कार्मिकों को साधुवाद देते हुए कहा कि इस अभियान से जुड़ा प्रत्येक व्यक्ति सामाजिक कार्यकर्ता होने के साथ-साथ राष्ट्रभक्त कहलाने का अधिकार रखता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार, लिंग अनुपात, सामाजिक स्थिति, आर्थिक स्थिति और भौगोलिक स्थिति सहित समाज की वास्तविक तस्वीर प्रस्तुत करने वाला एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सामाजिक दस्तावेज है।

उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया में परिवार का मुखिया पोर्टल पर बैठकर अपने परिवार की संपूर्ण जानकारी प्रस्तुत कर सकेगा। साथ ही कार्मिकों के लिए समय पर लंच, नाश्ता, आर्थिक लाभ और पर्याप्त विश्राम की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे इस कार्य को सहजता एवं उत्साह के साथ संपन्न कर सकें।

मीणा ने कहा कि इस कार्य के दौरान कार्मिकों को समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों से सीधे संवाद करने, उनके परिवारों को समझने और सामाजिक संरचना को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। उन्होंने जानकारी दी कि जनगणना प्रक्रिया को कई चरणों में विभाजित किया गया है, जिसमें पहले परिवारों का डेटा संकलन, उसके बाद मकानों की गणना तथा जाति और धर्म सहित अन्य पहलुओं की पहचान की जाएगी, जो देश की वास्तविक स्थिति को सामने लाएगी।

उन्होंने इस राष्ट्रीय दायित्व में योगदान देने वाले सभी कार्मिकों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस पुनीत कार्य में सहभागिता निभाने वालों को आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी और उनसे प्रेरणा लेंगी। उन्होंने दोहराया कि जनगणना कार्य में लगे सभी कार्मिक राष्ट्रभक्ति के प्रतीक के रूप में पहचाने जाएंगे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story