जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के सफल और सुचारू संचालन के लिए सवाई माधोपुर में 21 एवं 22 अक्टूबर को नियमित सहायकों और तकनीकी सहायकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, सवाई माधोपुर में हुए इस प्रशिक्षण में जनगणना की तकनीकी प्रक्रियाओं, गणना ब्लॉक निर्धारण, डेटा गुणवत्ता और डिजिटल माध्यमों के उपयोग का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।

उप जिला जनगणना अधिकारी एवं उप निदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग धर्मेन्द्र प्रसाद गुप्ता तथा जिला समन्वयक अंकित कुमार गुप्ता और सुरेश चंद मीना के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण में कार्मिकों को जनगणना की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक दायित्वों और तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान सीएमएमएस पोर्टल के जनसंख्या गणना (पीई) मॉड्यूल के अंतर्गत गणना ब्लॉक (ईबी) का गठन, लॉजिस्टिक्स प्रबंधन, डैशबोर्ड के उपयोग, उप-गणना ब्लॉक के सीमांकन और लेआउट मैप तैयार करने का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही हाउसलिस्टिंग और चार्ज रजिस्टर तैयार करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।

प्रशिक्षण के दूसरे दिन जनसंख्या गणना मोबाइल ऐप, जनगणना से संबंधित अवधारणाओं एवं परिभाषाओं और प्रश्नावली के प्रश्न 1 से 40 की जानकारी दी गई। इस दौरान डेटा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा स्व-गणना (एसई) पोर्टल के उपयोग की प्रक्रिया भी समझाई गई। जनगणना कार्य में प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका और प्रचार-प्रसार गतिविधियों के संबंध में भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण में सैद्धांतिक जानकारी के साथ प्रदर्शन और प्रायोगिक अभ्यास पर विशेष जोर दिया गया। इसका उद्देश्य कार्मिकों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप जनगणना संबंधी कार्य व्यवस्थित और त्रुटिरहित ढंग से संपादित करने के लिए तैयार करना था।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story