जनगणना 2027: जिला जज अरुण कुमार बेरीवाल ने किया स्व-गणना अभियान का शुभारंभ
जिला एवं सेशन न्यायाधीश और विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव ने डिजिटल माध्यम से अपनी गणना दर्ज कर आमजन को इस राष्ट्रीय अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

न्यायालय परिसर में स्व-गणना अभियान के दौरान उपस्थित जिला एवं सेशन न्यायाधीश अरुण कुमार बेरीवाल (दाएं), जिला समन्वयक हिमांशु गोयल (मध्य) और अन्य अधिकारी।
जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत जिले में 1 मई से 15 मई 2026 तक संचालित स्व-गणना अभियान को लेकर शुक्रवार को जिला एवं सेशन न्यायाधीश अरुण कुमार बेरीवाल तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ममता चौधरी ने स्वयं स्व-गणना कर आमजन को भी इस राष्ट्रीय अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
न्यायालय परिसर में आयोजित इस अभियान के दौरान कार्यरत समस्त कार्मिकों ने भी स्व-गणना प्रक्रिया में भाग लिया। साथ ही लोक अदालत में उपस्थित फरियादियों को मौके पर ही स्व-गणना की प्रक्रिया की जानकारी दी गई तथा उनका ऑनलाइन विवरण दर्ज करवाकर उन्हें भी स्व-गणना करने के लिए प्रेरित किया गया।
बार काउंसिल अध्यक्ष जयेन्द्र सिंह एडवोकेट ने भी स्व-गणना करते हुए अधिवक्ताओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की योजनाओं एवं विकास कार्यों के लिए महत्वपूर्ण आधार साबित होते हैं।
इस दौरान उप जिला जनगणना अधिकारी मुकेश कुमार, जिला समन्वयक हिमांशु गोयल, जिला जनगणना प्रकोष्ठ के कार्मिक बालकृष्ण गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। स्व-गणना अभियान के माध्यम से प्रशासन द्वारा आमजन को डिजिटल प्रक्रिया से जोड़ते हुए जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
