सवाई माधोपुर में उप जिला जनगणना अधिकारी एवं उप निदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग डॉ. डिंपल गुर्जर ने जिलेवासियों से जनगणना-2027 के तहत संचालित स्व-गणना अभियान में सक्रिय एवं अधिकाधिक भागीदारी निभाने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन मात्र नहीं है, बल्कि यह देश की भावी विकास योजनाओं, संसाधनों के न्यायसंगत वितरण तथा नीति निर्माण की आधारशिला है।

डॉ. डिंपल गुर्जर ने बताया कि भारत सरकार द्वारा 1 से 15 मई तक नागरिकों को ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अंतर्गत नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से स्वयं एवं अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया अत्यंत सरल, सुरक्षित एवं समयबद्ध है, जिसे पूर्ण करने में लगभग 5 से 10 मिनट का समय ही लगता है।

उन्होंने आगे बताया कि स्व-गणना प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात प्रत्येक परिवार को एक विशिष्ट एसई आईडी प्राप्त होगी, जिसे 16 मई से 14 जून 2026 तक घर-घर पहुंचने वाले जनगणना प्रगणक को साझा करना आवश्यक होगा। इससे जनगणना प्रक्रिया अधिक सुगम, पारदर्शी एवं व्यवस्थित बन सकेगी।

डॉ. डिंपल गुर्जर ने आमजन से आग्रह किया कि वे न केवल स्वयं स्व-गणना करें, बल्कि अपने परिवारजनों, पड़ोसियों एवं अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि जिले में शत-प्रतिशत स्व-गणना का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके। उन्होंने कहा कि जनगणना-2027 पूर्णतः डिजिटल प्रक्रिया है, जो “विकसित भारत@2047” की संकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।

इस दौरान जिला समन्वयक अंकित गुप्ता ने स्व-गणना प्रक्रिया में अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि यह पोर्टल अत्यंत सरल एवं उपयोगकर्ता अनुकूल है। इसमें परिवार एवं आवास से संबंधित सामान्य जानकारी दर्ज करनी होती है, जिसे कोई भी नागरिक आसानी से पूर्ण कर सकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही जनगणना के सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े प्राप्त होंगे, जो भविष्य की योजनाओं एवं विकास कार्यों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे।

जिला प्रशासन ने भी नागरिकों से अपील की है कि वे 15 मई 2026 से पूर्व स्व-गणना प्रक्रिया पूर्ण कर इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story