जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य की औपचारिक शुरुआत शुक्रवार को नगर परिषद परिसर से हुई, जहां सुपरवाइजर एवं प्रगणकों को उनके आवंटित क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। चार्ज जनगणना अधिकारी (नगर) एवं नगर परिषद आयुक्त बृजेंद्र मीना ने प्रगणकों और सुपरवाइजरों को जनगणना कार्य से संबंधित किट, नियुक्ति पत्र एवं पहचान पत्र वितरित किए और उन्हें निर्धारित ब्लॉक, क्षेत्र एवं सर्किलों में भेजा।

कार्यक्रम के दौरान चार्ज अधिकारी बृजेंद्र मीना ने नगर परिषद क्षेत्र के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण में प्रगणकों को सही एवं वास्तविक जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि भविष्य में विकास योजनाओं के निर्माण और सरकारी संसाधनों के प्रभावी उपयोग के लिए सटीक आंकड़ों का आधार तैयार हो सके। उन्होंने कहा कि मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य प्रशासनिक योजना निर्माण की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसमें आमजन की सहभागिता आवश्यक है।

इस अवसर पर जिला समन्वयक अंकित कुमार गुप्ता, फील्ड ट्रेनर अरुण वैद्य, अरविंद खंडेलवाल, भगवान सहाय गुप्ता, जितेंद्र कुमार सहित सभी सुपरवाइजर एवं सैकड़ों की संख्या में प्रगणक उपस्थित रहे। किट प्राप्त करने के बाद सभी प्रगणक अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों के लिए रवाना हुए और जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत घर-घर जाकर मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य प्रारंभ किया।

जनगणना-2027 के इस प्रथम चरण को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसी प्रक्रिया के माध्यम से क्षेत्रवार आधारभूत आंकड़े संकलित किए जाएंगे, जिनके आधार पर भविष्य की विकास योजनाओं, संसाधन वितरण और शहरी प्रबंधन की रणनीतियां तय की जाएंगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story