मां इंदरगढ़ बिजासन सेवा समिति के तत्वावधान में शनिवार रात्रि जिला बूंदी स्थित गंगापुर वालों की धर्मशाला, इंदरगढ़ माता भवन में भव्य भगवती जागरण का आयोजन किया गया। जागरण में श्रद्धालु देर रात तक माता के भजनों पर भक्ति रस में सराबोर होकर झूमते रहे। धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के वातावरण के बीच जागरण कार्यक्रम प्रातः 5 बजे तक निरंतर चला।

प्रातः 7 बजे सभी श्रद्धालु माता रानी की ध्वजा हाथों में लेकर माता के दरबार पहुंचे, जहां विधिवत दर्शन कर भोग-प्रसादी अर्पित की गई तथा परिवार एवं देश की सुख-समृद्धि और मंगल कामना की गई। इसके उपरांत मंदिर के नीचे स्थित भवन में माता के दर्शनार्थ पहुंचे श्रद्धालुओं को हलवा, चना, पूड़ी और सब्जी की प्रसादी वितरित की गई।

प्रसादी वितरण में भक्त देवी चरण गर्ग, पूर्व चेयरमैन सुरेश चंद सिंघल, अशोक करौली, वेद प्रकाश मंगल, कैलाश चंद, रामावतार, योगेश गर्ग, राहुल अग्रवाल, अनुराग गर्ग, सुनील गर्ग, आलोक, राजू लाल, मनीष पीलोदा, वल्लभ प्रसाद, अमित मंडावरी, टीकम गुप्ता, मनोज गुप्ता, सतनारायण पटवारी, विमलेश कैटरर्स जयपुर सहित समिति के अनेक सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने श्रमदान कर सहयोग किया।

धर्मशाला पहुंचकर कन्याओं को भोजन कराया गया। इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।

समिति के महामंत्री वेद प्रकाश मंगल ने बताया कि गंगापुर सिटी, करौली एवं आसपास के क्षेत्रों से माता के भक्त प्रत्येक माह यात्रा लेकर इंदरगढ़ पहुंचते हैं। इस दौरान भगवती जागरण के साथ भंडारा एवं प्रसादी वितरण का आयोजन किया जाता है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक तीसरे माह माता रानी के दरबार में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, जिसमें 108 मीटर लंबी चुनरी महोत्सव का आयोजन होता है। इस बार श्रावण मास में माता रानी को 108 मीटर लंबा लहरिया अर्पित कर लहरिया महोत्सव मनाया जाएगा। धार्मिक आस्था, सामूहिक सहभागिता और सेवा भाव से संपन्न यह आयोजन क्षेत्र में श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का प्रतीक बन गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story