मां इंदरगढ़ बिजासन सेवा समिति के तत्वावधान में जिला बूंदी स्थित मां इंदरगढ़ दरबार में 30 और 31 मई को दो दिवसीय चुनरी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक आस्था और भक्तिभाव से जुड़े इस आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल होंगे। समिति महामंत्री वेद प्रकाश मंगल ने बताया कि 30 मई शनिवार शाम 5 बजे कर्मचारी कॉलोनी स्थित गौरव मैरिज होम के सामने से श्रद्धालु बसों द्वारा इंदरगढ़ के लिए रवाना होंगे।

पुरुषोत्तम मास पर्व के अवसर पर गंगापुर वालों की धर्मशाला, इंदरगढ़ में रात्रि 9 बजे से विशाल भगवती जागरण आयोजित किया जाएगा, जिसमें भक्त माता रानी के भजनों और जयकारों के साथ पूरी रात भक्ति में लीन रहेंगे।

31 मई रविवार को पूर्णिमा पर्व पर प्रातः 6 बजे धर्मशाला से सैकड़ों भक्त 108 मीटर लंबी विशाल चुनरी हाथों में लेकर माता रानी के दरबार के लिए रवाना होंगे। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों, जयकारों, श्रृंगार और भोग प्रसादी के साथ जुलूस के रूप में मंदिर पहुंचेंगे। वहां माता रानी को चुनरी और श्रृंगार अर्पित कर देश और परिवार की खुशहाली की कामना की जाएगी।

आयोजन के तहत प्रातः 9 बजे धर्मशाला में कन्याओं का पूजन और भोजन कराया जाएगा। इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन होगा। पूर्णिमा के विशेष पर्व पर माता रानी की सीढ़ियों के पास प्रसादी वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। धार्मिक उत्साह और आस्था से जुड़े इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story