बूंदी: बिजासन माता मंदिर मार्ग पर गंदगी से श्रद्धालुओं में रोष, PMO से शिकायत
रामगढ़ विषधारी अभ्यारण्य के पास कचरा फेंकने और अतिक्रमण से पर्यावरण दूषित, समिति महामंत्री ने पीएमओ व सीएम से सख्त कार्रवाई की मांग की।

इंदरगढ़ के मंदिर मार्ग पर सड़क किनारे फैला प्लास्टिक कचरा और गंदगी।
बूंदी जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल इंदरगढ़ बिजासन माता मंदिर क्षेत्र में ग्राम बुढ़कर्वर मार्ग पर जगह-जगह फैली गंदगी और कचरे से पर्यावरण दूषित होने का मामला सामने आया है। मंदिर के आसपास दुकानदारों एवं परिवारों द्वारा जूठन, पत्तल-दोना, प्लास्टिक डिस्पोजल और अन्य कचरा डालने से मुख्य मार्ग पर गंदगी और बदबू फैल रही है।
यह मार्ग रामगढ़ विषधारी सेंचुरी क्षेत्र और जिंद बाबा की बावड़ी की ओर जाता है। मार्ग पर कचरा और बदबू के कारण पैदल यात्रियों को मुंह पर कपड़ा ढंककर गुजरना पड़ रहा है। क्षेत्र के जागरूक लोगों का कहना है कि मंदिर परिसर क्षेत्र, दुकानदारों और आसपास रहने वाले परिवारों द्वारा इसी मार्ग पर कचरा और गंदगी डाले जाने से वातावरण दूषित हो रहा है। इससे बीमारी फैलने का खतरा भी उत्पन्न हो गया है।
मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन की ओर से जन सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण खुले में शौच जाने की स्थिति भी बन रही है, जिससे क्षेत्र में गंदगी फैल रही है। ग्राम पंचायत एवं नगर पालिका प्रशासन इंदरगढ़ की ओर से कचरा उठाने की कोई व्यवस्था नहीं होने की बात भी सामने आई है। भारत सरकार के स्वच्छता अभियान के तहत कचरा गाड़ी चलाकर घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था की जाती है, लेकिन मंदिर क्षेत्र में ऐसी व्यवस्था नहीं होने से क्षेत्र का पर्यावरण और वातावरण दूषित हो रहा है।
क्षेत्र में मंदिर परिसर के पास वन विभाग की भूमि पर बेहताशा कब्जे और अतिक्रमण किए जाने का भी आरोप है। बिजासन माता मंदिर में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु यात्री दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे में राज्य सरकार से मंदिर परिसर क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने और विकास के संसाधन उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई गई है।
सुप्रसिद्ध रामगढ़ विषधारी अभ्यारण्य क्षेत्र में भी पर्यावरण संरक्षण के बजाय वातावरण दूषित होने की बात कही गई है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि केंद्र सरकार विश्व पर्यावरण दिवस के नाम पर करोड़ों रुपए का विज्ञापन छपवाकर प्रचार-प्रसार कर रही है, लेकिन क्षेत्र में जागरूकता लाने के साथ सख्त कदम उठाने की आवश्यकता है।
मंदिर परिसर क्षेत्र के लिए बिजासन विकास एवं कल्याण बोर्ड समिति बनी हुई है, लेकिन समिति द्वारा भी स्वच्छता और साफ-सफाई को लेकर कोई ध्यान नहीं दिए जाने की बात सामने आई है। इसके चलते माता के मंदिर आने वाले हजारों श्रद्धालुओं में रोष व्याप्त है।
क्षेत्र की मां इंदरगढ़ बिजासन सेवा समिति के महामंत्री वेद प्रकाश मंगल ने प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री एवं पर्यावरण विभाग, वन विभाग तथा देवस्थान विभाग को पत्र लिखकर बिजासन माता मंदिर क्षेत्र, जिंद बाबा बावड़ी मार्ग, ग्राम बुढ़कर्वर मार्ग एवं वन विभाग रामगढ़ विषधारी अभ्यारण विभाग क्षेत्र में कचरा और गंदगी फैलाकर पर्यावरण दूषित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाने के लिए कदम उठाने के साथ वन क्षेत्र की भूमि पर हो रहे अतिक्रमणों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
