सड़क पर मिली 1 लाख की थैली, चार अध्यापकों ने मालिक को लौटाकर पेश की ईमानदारी की मिसाल
बौंली-मित्रपुरा क्षेत्र में सड़क पर मिली 1 लाख रुपये की नकदी से भरी थैली चार अध्यापकों ने उसके असली मालिक को लौटा दी। कक्षा 10वीं बोर्ड के चालान से मालिक की पहचान हुई और पूरी राशि वापस कर दी गई।

तस्वीर में बायीं से दाईं ओर ग्रामीण, विद्यालय संचालक और अध्यापक लाखनपुर में नकदी सौंपने के बाद खड़े दिखाई दे रहे हैं।
बौंली/मित्रपुरा तहसील क्षेत्र के चार अध्यापकों ने सड़क पर मिली 1 लाख रुपये की नकदी उसके असली मालिक को लौटाकर ईमानदारी की मिसाल पेश की। चारों अध्यापक मोटरसाइकिल से बौंली जा रहे थे, इसी दौरान लाखनपुर में शिवालय के पास उन्हें सड़क पर एक थैली मिली।
ग्राम पंचायत लाखनपुर निवासी द्वितीय श्रेणी अध्यापक मुकेश कुमार गुर्जर राजकीय माध्यमिक विद्यालय गुगदोद में कार्यरत हैं। उनके साथ लक्ष्मण गुर्जर, राजेंद्र गुर्जर और जीतराम गुर्जर राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कुआं गांव में अध्यापक हैं।
लाखनपुर में मिली थैली की जांच करने पर उसमें 500-500 रुपये के नोटों की दो गड्डियां मिलीं। थैली में कक्षा 10वीं बोर्ड का एक चालान भी था। चालान के माध्यम से अध्यापकों को पता चला कि यह राशि विश्व भारती विद्यालय मित्रपुरा के संचालक श्योजीराम माली की थी।
जानकारी के अनुसार, श्योजीराम माली बौंली बैंक में चालान जमा करवाने और किसी को पैसे देने के लिए मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान लाखनपुर में उनकी थैली सड़क पर गिर गई थी।
अध्यापकों ने किसी माध्यम से विद्यालय संचालक का मोबाइल नंबर प्राप्त किया और उनसे संपर्क कर उन्हें लाखनपुर बुलाया। इसके बाद ग्रामीण श्रीराम गुर्जर, गिर्राज माली और सूरजमल वैष्णव की मौजूदगी में चारों अध्यापकों ने पूरी 1 लाख रुपये की राशि विद्यालय संचालक श्योजीराम माली को लौटा दी।
राशि वापस मिलने पर विद्यालय संचालक श्योजीराम माली ने सभी अध्यापकों का आभार व्यक्त किया। चारों अध्यापकों द्वारा नकदी उसके असली मालिक को लौटाए जाने की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
