अच्छी बारिश की आस में बौंली के किसानों ने देवी-देवताओं की पूजा कर लगाई गुहार
बौंली में पर्याप्त बारिश नहीं होने से चिंतित किसानों और नगरवासियों ने देवी-देवताओं की पूजा कर अच्छी वर्षा की कामना की।

तस्वीर में बौंली के खेड़ापति बड़े बालाजी मंदिर परिसर में स्थानीय लोग और किसान देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
क्षेत्र में अब तक पर्याप्त वर्षा नहीं होने से चिंतित किसानों एवं नगरवासियों ने अच्छी बारिश की कामना को लेकर रविवार को बौंली नगर में देवी-देवताओं की विशेष पूजा-अर्चना की। किसानों एवं नगरवासियों ने गाजे-बाजे के साथ नगर क्षेत्र में स्थित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर देवी-देवताओं को भोग लगाकर वर्षा के लिए प्रार्थना की।
रविवार सुबह किसानों एवं नगरवासियों ने खेड़ापति बड़े बालाजी, शक्तिपीठ रामबाड़ी बालाजी, हीरामन जी, तेजाजी, बराई माता, खूंट वाले भेरुजी, खोलिया वाले भेरुजी, बौंली माता सहित नगर के चारों ओर विराजमान विभिन्न देवी-देवताओं के स्थानों पर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भोग लगाया।
किसानों ने बताया कि इस समय खेतों में मक्का, बाजरा, मूंगफली, तिल, उड़द सहित विभिन्न फसलें बोई जा चुकी हैं। किसानों ने धरती माता में इन फसलों की बुवाई कर दी है, लेकिन पर्याप्त वर्षा नहीं होने के कारण फसलों के अंकुरण पर असर पड़ रहा है और अंकुर ठीक प्रकार से नहीं फुट पा रहे हैं।
किसानों का कहना है कि यदि समय पर वर्षा हो जाती है तो खेतों में बोई गई फसलें अच्छी हो सकेंगी। इसी उम्मीद के साथ किसानों एवं नगरवासियों ने देवी-देवताओं की पूजा कर क्षेत्र में अच्छी बारिश होने की कामना की।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
