जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित अभिनव पहल “बोल सवाई माधोपुर” के तहत आयोजित कार्यक्रम में राजस्थान प्रशासनिक सेवा में नव चयनित रितु मीणा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के महत्व पर जोर दिया। कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं के इंग्लिश स्पीकिंग स्किल्स डेवलपमेंट एवं सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं में उत्साह और प्रेरणा का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान रितु मीणा ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि ग्रामीण परिवेश की छात्राओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल आत्मविश्वास, सही मार्गदर्शन और निरंतर प्रयास की है। उन्होंने छात्राओं को अंग्रेजी भाषा सीखने के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, समय प्रबंधन और लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने अपने संघर्ष और सफलता के अनुभव साझा करते हुए कहा कि नियमित अध्ययन, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने वाली छात्राएं किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर सकती हैं। उन्होंने छात्राओं को मंच पर बोलने, नई चीजें सीखने और अपनी क्षमताओं को पहचानने के लिए भी प्रोत्साहित किया।

एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा संचालित “बोल सवाई माधोपुर” पहल का उद्देश्य छात्राओं में अंग्रेजी बोलने की दक्षता, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि यह पहल छात्राओं के आत्मविश्वास और अंग्रेजी भाषा संचार कौशल को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

कार्यक्रम अधिकारी हेमराज मीना ने जानकारी देते हुए बताया कि “बोल सवाई माधोपुर” कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिदिन करीब 245 छात्राएं ग्रीष्मकालीन विशेष कक्षाओं में भाग ले रही हैं। इस पहल के माध्यम से छात्राओं को संवाद कौशल, सार्वजनिक मंच पर अभिव्यक्ति और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए आवश्यक क्षमताओं के विकास का अवसर मिल रहा है।

इस अवसर पर सीबीईओ सुरेंद्र सिंह राजावत, शिविर प्रभारी कृष्णा नंद गुप्ता, प्रशिक्षकों सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम ने ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं में शिक्षा, संवाद कौशल और प्रशासनिक सेवाओं के प्रति नई प्रेरणा का संदेश दिया।

फोटो कैप्शन:- 22 पीआरओ 4 “बोल सवाई माधोपुर” के तहत आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को संबोधित करती राजस्थान प्रशासनिक सेवा में नव चयनित रितु मीणा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story