सवाई माधोपुर, 4 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत जिले में मतदाता सूची के अद्यतन कार्य को गति मिल गई है। मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित निर्वाचन निबंधन अधिकारियों (ईआरओ) की बैठक आयोजित हुई, जिसमें आगामी मतदाता सूची पुनरीक्षण की तैयारियों की समीक्षा की गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 4 नवंबर से 4 दिसंबर 2025 तक बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र का वितरण एवं संग्रहण करेंगे। इसके बाद 9 दिसंबर 2025 को मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशित किया जाएगा। 9 दिसंबर से 8 जनवरी 2026 तक दावे और आपत्तियाँ स्वीकार की जाएंगी, जबकि 9 दिसंबर से 31 जनवरी 2026 तक नोटिस चरण में सुनवाई एवं सत्यापन की प्रक्रिया चलेगी। इसके उपरांत 7 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

काना राम ने 75 प्रतिशत से अधिक मेपिंग पूर्ण करने वाले बीएलओ की सराहना करते हुए कहा कि बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। वहीं, 50 प्रतिशत से कम मेपिंग वाले बीएलओ के प्रति नाराजगी जताते हुए उन्हें शीघ्र शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। गंगापुर सिटी क्षेत्र में कम प्रगति मिलने पर संबंधित बीएलओ को नोटिस जारी करने के निर्देश भी ईआरओ को दिए गए।

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के संयुक्त निदेशक पंकज मीना को जिला एवं ब्लॉक स्तर पर हैल्प डेस्क स्थापित करने और तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ वालंटियर्स के साथ घर-घर सर्वे कर एसआईआर की प्रक्रिया समय पर पूर्ण करें तथा निर्वाचन विभाग की एडवाइजरी का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें।

उन्होंने ईआरओ को प्रतिदिन बूथों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा कि मतदाताओं तक सूचना पहुंचाने के लिए साइकिल रिक्शा, ऑटो या टीपर के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाए। अभियान के दौरान प्रत्येक मतदाता के घर कम से कम तीन बार पहुंचना अनिवार्य रहेगा।

काना राम ने बताया कि बीएलओ नए मतदाताओं के लिए फॉर्म-6 और घोषणा पत्र प्राप्त करेंगे तथा मतदाता की जानकारी के मिलान एवं लिंकिंग में सहयोग देंगे। मतदाता ईएफ प्रपत्र को ऑनलाइन भी भर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि गणना चरण में ईएफ के अलावा किसी अन्य दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजकीय कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे स्वयं एवं अपने परिवार के गणना प्रपत्र ऑनलाइन भरें, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना कम हो सके। उन्होंने कहा कि आमजन की सहभागिता से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को समयबद्ध एवं पारदर्शी रूप से पूरा किया जा सकेगा।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story