जयपुर/करौली। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) निधि एवं शोध के नवनियुक्त प्रदेश सहसंयोजक जीतू शुक्ला ने जयपुर स्थित शासन सचिवालय में प्रदेश की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने जीतू शुक्ला को उनके नवनियुक्त दायित्व के लिए बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित कीं। मुलाकात के दौरान भाजयुमो नेता ने करौली क्षेत्र की गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान को लेकर उपमुख्यमंत्री को एक मांग पत्र सौंपा और त्वरित कार्रवाई का आग्रह किया।

जीतू शुक्ला ने उपमुख्यमंत्री के समक्ष करौली शहर स्थित शिवराज सिंह सामान्य चिकित्सालय में हृदय रोग विशेषज्ञ, यूरोलॉजी रोग विशेषज्ञ और न्यूरोलॉजी रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों को जल्द से जल्द पदस्थापित करने की पुरजोर मांग रखी। उन्होंने उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया कि करौली स्थित यह जिला अस्पताल केवल करौली की चारों विधानसभाओं के मरीजों के लिए ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों के उन ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी लाइफलाइन है जो करौली की चारों विधानसभाओं की सीमाओं से सटे हुए हैं। इन दूर-दराज के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग अपनी स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान और उपचार हेतु प्रतिदिन इस अस्पताल में आते हैं।

मुलाकात के दौरान इस बात पर विशेष चिंता व्यक्त की गई कि मेडिकल कॉलेज से संबद्ध होने के बावजूद वर्तमान में जिला अस्पताल में इन सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का सर्वथा अभाव है। इसके चलते स्थानीय मरीजों को हृदय, यूरोलॉजी और न्यूरोलॉजी से संबंधित छोटी से छोटी समस्या होने पर भी जयपुर जैसे दूरदराज और महंगे शहरों की तरफ रुख करना पड़ता है। जीतू शुक्ला ने डांग क्षेत्र की भौगोलिक और आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि करौली के इस क्षेत्र में अत्यधिक निर्धन और मजदूर वर्ग निवास करता है, जो जयपुर जाकर महंगा इलाज कराने में पूरी तरह असमर्थ है। ऐसे में यदि जिला मुख्यालय के इस चिकित्सालय पर विशेषज्ञ चिकित्सकों को नियुक्त कर दिया जाता है, तो आम जनता को स्थानीय स्तर पर ही बड़ा संबल और चिकित्सा लाभ मिलेगा। इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान वरुण रघुवंशी और घनश्याम पाराशर सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story