गंगापुर सिटी। स्वाधीनता संग्राम के अमर नायकों के बलिदान को अक्षुण्ण बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार, 23 मार्च 2026 को बलिदान दिवस के अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा द्वारा एक गरिमामयी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। नसिया कॉलोनी स्थित भगत सिंह पार्क में युवा नेता नागेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं ने हुतात्मा भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ संयोजक आकाश मीणा के सान्निध्य में युवाओं द्वारा शहीद भगत सिंह के चित्रपटल पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित नागेश कुमार शर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की स्वतंत्रता के लिए अनगिनत क्रांतिकारियों ने सर्वस्व न्योछावर किया, किंतु जिस अल्पायु में युवा अपने भविष्य और परिवार के सपने बुनता है, उस आयु में भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु ने मां भारती के श्रीचरणों में अपने प्राण अर्पित कर दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन वीर सपूतों का बलिदान भारतीय इतिहास के स्वर्णाक्षरों में अंकित है और वर्तमान पीढ़ी को अपने मौलिक कर्तव्यों को समझकर राष्ट्र सेवा में रत रहना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

विशिष्ट वक्ता के रूप में 'राहत ए कुशाल' के संस्थापक कपिल डंगोरिया ने भगत सिंह, भारतीय सैनिकों एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के व्यक्तित्व व कृतित्व पर सारगर्भित व्याख्यान प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित युवाओं में राष्ट्रवाद की चेतना जागृत की। श्रद्धांजलि सभा के समापन पर उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने अमर शहीदों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सूरज सैनी, राजू गजराना, रॉबिन वाल्मीकि, पवन सैनी, विकास कुमार मीणा, संतोष कुमार माली, योगेश माली, सुनील मालवीय, अजय सिंह लोधा, सोनू कश्यप, सागर सैनी, नरेन्द्र सैनी, रोहन वर्मा, संतोष महावार, दीपक कुमार, संतोष सैनी, राहुल सैनी, मोहित कुमार, सनी शाक्यवाल, ऋषिकेश सैनी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने अल्पाहार ग्रहण किया।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

नाम: मदन मोहन गर्ग

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)

कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला

बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र

परिचय 

मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:

  • बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
  • एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)

Next Story