सुंदर सिंह भंडारी की पुण्यतिथि पर भाजपाइयों ने किया नमन, राष्ट्रवाद की राह पर चलने का लिया संकल्प
भारतीय जनसंघ के संस्थापक सुंदर सिंह भंडारी की पुण्यतिथि पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा राजस्थान ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। राष्ट्र प्रथम की भावना और संगठन के प्रति समर्पण के संकल्प के साथ कार्यकर्ताओं ने उनके जीवन आदर्शों को याद किया।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश प्रशिक्षण सह प्रभारी अंसार खलीफा सुंदर सिंह भंडारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देते हुए।
भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक और कुशल संगठनकर्ता श्रद्धेय सुंदर सिंह भंडारी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा राजस्थान द्वारा एक भावभीनी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व मोर्चा के प्रदेश प्रशिक्षण सह प्रभारी अंसार खलीफा ने किया।
कार्यक्रम के दौरान अंसार खलीफा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सुंदर सिंह भंडारी के प्रेरणादायक जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने भंडारी जी के व्यक्तित्व को अनुशासित संगठनकर्ता और निस्वार्थ राष्ट्रवादी के रूप में रेखांकित करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रकाश स्तंभ के समान हैं। खलीफा ने उपस्थित कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन सर्वोपरि है और हमें 'राष्ट्र प्रथम' की भावना को सर्वोपरि मानकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भंडारी जी के आदर्शों पर चलकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की प्रेरणा दी।
इस श्रद्धाजंलि सभा में भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चे के मंडल अध्यक्ष इसराइल शाह, आर्यन खान, शाहरुख खान और मोहम्मद अनस सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रवाद के संकल्प और सुंदर सिंह भंडारी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए हुआ। यह आयोजन न केवल एक महान व्यक्तित्व को याद करने का माध्यम बना, बल्कि कार्यकर्ताओं में संगठन के प्रति समर्पण और सेवा भाव के नए संकल्प को भी प्रगाढ़ किया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
