आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनावों को लेकर भाजपा संगठन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश भाजपा संगठन ने मीडिया एवं प्रवक्ता पैनल पदाधिकारियों को केंद्र, राज्य और स्थानीय स्तर पर कराए गए विकास कार्यों तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभ आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

भाजपा जिला मीडिया सह प्रमुख धनेश शर्मा ने बताया कि बुधवार, 20 अगस्त 2026 की पूर्व संध्या को वर्चुअल वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के भरतपुर संभाग के समस्त मीडिया एवं प्रवक्ता पैनलिस्ट पदाधिकारियों की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय मंत्री राहुल गुप्ता, प्रदेश प्रभारी डॉ. राधामोहनदास अग्रवाल, मीडिया प्रदेश संयोजक प्रमोद वशिष्ठ, संभाग प्रभारी डॉ. वीरेन्द्र पचौरी सहित अनेक वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक में आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनावों के दौरान प्रत्येक पदाधिकारी की भूमिका को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। पदाधिकारियों से कहा गया कि केंद्र सरकार, राज्य सरकार तथा स्थानीय स्तर पर नगर परिषद, नगरपालिका एवं नगर निगम द्वारा कराए गए विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाए। इसके साथ ही सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के लाभ आम जनता तक सीधे पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया।

इस अवसर पर सभी पदाधिकारियों से शीघ्र ही अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन जिलाध्यक्ष के निर्देशन में प्रेस वार्ताएं आयोजित कर अपने कार्यों को गति देने का आह्वान किया गया। बैठक के माध्यम से आगामी चुनावों को लेकर संगठन की मीडिया और प्रवक्ता टीम की सक्रिय भूमिका को भी स्पष्ट किया गया।

वर्चुअल वीडियो कांफ्रेंस में प्रदेश पदाधिकारी निमिषा गौड़, राखी राठौड़, पंकज मीणा, जिला सह मीडिया प्रमुख धनेश शर्मा, मुकेश सालोत्री, सुरेन्द्र शर्मा सहित समस्त जिला मीडिया संयोजक, जिला प्रवक्ता तथा सोशल मीडिया से जुड़े पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story