सवाई माधोपुर: भाजपा जिला प्रशिक्षण वर्ग का बौली में हुआ भव्य शुभारंभ
जिला प्रशिक्षण वर्ग के पहले दिन चार सत्रों में पार्टी की विचारधारा, कार्ययोजना और संगठनात्मक मजबूती पर विस्तार से चर्चा की गई।

सवाई माधोपुर के बौली स्थित जगत शिरोमणि सदन में भाजपा जिला प्रशिक्षण वर्ग के शुभारंभ पर फीता काटते सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक, पूर्व सांसद जसकौर मीणा और जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर।
भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय योजना के तहत आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण वर्ग का शनिवार को सवाई माधोपुर जिले में जगत शिरोमणि सदन, बौली में विधिवत शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण वर्ग के पहले दिन चार सत्र आयोजित किए गए, जिनमें संगठन की विचारधारा, कार्ययोजना और संगठनात्मक मजबूती पर विस्तार से मंथन हुआ।
जिला प्रवक्ता सुरेन्द्र शर्मा ने बताया कि जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ महापुरुषों के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन और सामूहिक वंदे मातरम् गीत के साथ हुआ। उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. मिथलेश गौतम मौजूद रहे। वहीं राजस्थान सरकार के सहकारिता मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री गौतम कुमार दक अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद जसकौर मीणा, विधायक प्रत्याशी राजेन्द्र मीणा, प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारीलाल विश्नोई, जिला संगठन प्रभारी संजय नरूका, वर्ग प्रभारी सत्यनारायण चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष बजरंग लाल जाट, डॉ. भरतलाल मथुरिया, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य केदार मीणा, सभापति शिवरतन अग्रवाल, प्रधान मंजू गुर्जर और शशिकला मीणा सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जिला प्रशिक्षण शिविर के शुभारंभ से पूर्व उपस्थित अतिथियों ने प्रशिक्षण वर्ग में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उसका उद्घाटन किया। प्रशिक्षण वर्ग के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों, पार्टी की वैचारिक पृष्ठभूमि और आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के प्रदेश संयोजक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. मिथलेश गौतम ने अपने संबोधन में संगठन के वैचारिक उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। वहीं जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर ने प्रशिक्षण वर्ग की विस्तृत कार्ययोजना कार्यकर्ताओं के समक्ष रखी।
भाजपा के इस जिला प्रशिक्षण वर्ग को संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण और कार्यकर्ताओं के वैचारिक प्रशिक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशिक्षण वर्ग के माध्यम से पार्टी आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों को धार देने की तैयारी में जुटी हुई है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
