भारतीय जनता पार्टी जिला सवाई माधोपुर की संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के उद्देश्य से बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित पार्टी कार्यालय में जिला पदाधिकारियों एवं सभी मंडल अध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर, खंडार प्रधान नरेन्द्र चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष बजरंग जाट, डॉ. भरत मथुरिया, सुरेश जैन, जिला महामंत्री विनोद अटल एवं बाबूलाल मीणा सहित अन्य पदाधिकारियों द्वारा मां भारती, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया।

सवाई माधोपुर में आयोजित इस बैठक में जिला प्रवक्ता सुरेंद्र शर्मा एवं सह मीडिया प्रमुख धनेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार संगठनात्मक मजबूती और आगामी अभियानों की प्रभावी तैयारी पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में जिलाध्यक्ष ने उपस्थित पूर्व एवं वर्तमान जिला पदाधिकारियों तथा जिले के 17 मंडलों के अध्यक्षों को आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में तय किया गया कि 20 जून को भगवतगढ़ में आयोजित होने वाले प्रबुद्धजन सम्मेलन के लिए जिले भर के शिक्षाविदों, चिकित्सकों तथा व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा। इसके साथ ही 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विभिन्न मंडलों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 25 जून को आपातकाल की विभीषिका और लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।

इसके अतिरिक्त लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रस्तावित दौरे को लेकर संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निर्धारण किया गया तथा प्रधानमंत्री के “मन की बात” कार्यक्रम को सशक्त रूप से “सरल ऐप” पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए। जिलाध्यक्ष ने यह भी निर्देशित किया कि प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह में मंडल स्तरीय बैठक, द्वितीय सप्ताह में जिला संगठन बैठक तथा अंतिम सप्ताह में शक्ति केंद्र संयोजकों की अनिवार्य बैठक आयोजित कर नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए।

बैठक में जिला मोर्चा संयोजक जमना लाल वैष्णव, जिला उपाध्यक्ष सत्यनारायण धाक, हरिओम गर्ग, लालचंद गौतम, दीपक सिंघल, उदय सिंह गुर्जर, जिला मंत्री गंगा शंकर, प्रेम देवी मीणा, जिला प्रवक्ता सुरेंद्र शर्मा एवं हरिओम पटेल, कोषाध्यक्ष दीनदयाल अग्रवाल, कार्यालय प्रभारी मुकेश शर्मा सहित विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश मंत्री मेहनाज पटेल, आईटी प्रभारी सारांश जैन सहित मंडल अध्यक्षों और महिला, ओबीसी एवं एससी मोर्चा के पदाधिकारियों की भी सक्रिय उपस्थिति रही।

बैठक के अंत में संगठनात्मक अनुशासन और जनसंपर्क अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story