राज्य सरकार के जनकल्याण अभियान के तहत ग्राम पंचायत बिनजारी स्थित भारत निर्माण सेवा केंद्र में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा ने निरीक्षण किया। इस दौरान शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से आमजन को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई और सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर ने राजस्व, कृषि, पशुपालन, पंचायती राज, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, ऊर्जा, पीएचईडी, आयुर्वेद तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग सहित कुल 22 विभागों द्वारा संचालित गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर पहुंचे और प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

शिविर में कृषि विभाग द्वारा किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए तथा विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई। वहीं राजस्व एवं अन्य विभागों द्वारा पट्टा वितरण, सहमति बंटवारा, आभा कार्ड निर्माण सहित कई जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों को दिया गया।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर ने उपस्थित ग्रामीणों से संवाद कर फीडबैक प्राप्त किया और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। दोपहर बाद प्रधान संपत पहाड़िया ने भी शिविर का अवलोकन किया तथा लाभार्थियों को नवीन जॉब कार्ड वितरित किए।

इस अवसर पर तहसीलदार नीरज सिंह, विकास अधिकारी इंद्राज मीना, प्रशासक रामविलास गुर्जर, सहायक कृषि अधिकारी विजय जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। ग्रामीण सेवा शिविर में विभागीय समन्वय और जनसेवा के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रयासों को ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story