गंगापुर सिटी। उदेई मोड़-सालोदा रोड पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की बाइक को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक दुर्घटना में 20 वर्षीय प्रशांत जागीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई राहुल और साथी संतोष गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किला देवी कॉलोनी निवासी प्रशांत जागीर (20) पुत्र रामावतार जागीर अपने भाई राहुल और दोस्त संतोष के साथ बाइक से काम पर जा रहा था। जैसे ही वे प्रधान भवन के पास सालोदा रोड पर पहुंचे, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने अचानक बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। मौके पर ही प्रशांत ने दम तोड़ दिया, जबकि राहुल और संतोष गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही उदेई मोड़ थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतक के शव को गंगापुर सिटी के राजकीय जिला अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।

घायलों में राहुल की हालत चिंताजनक बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है, जबकि संतोष का इलाज गंगापुर सिटी के रिया अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उदेई मोड़ थाना प्रभारी जब्बार खान ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह हादसा एक बार फिर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सख्त करने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story