यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने भुज-दिल्ली-भुज नई प्रतिदिन एक्सप्रेस रेलसेवा शुरू करने की घोषणा की है। यह ट्रेन 23 मई 2026 से संचालन में आएगी और भीलड़ी-जालोर मार्ग से संचालित होगी। नई रेलसेवा शुरू होने से राजस्थान और गुजरात के यात्रियों को दिल्ली तक सीधी कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 19403 भुज-दिल्ली प्रतिदिन एक्सप्रेस 23 मई 2026 से भुज से सुबह 11:15 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 11:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वहीं गाड़ी संख्या 19404 दिल्ली-भुज प्रतिदिन एक्सप्रेस 24 मई 2026 से दिल्ली से शाम 4:40 बजे प्रस्थान कर अगले दिन शाम 7:35 बजे भुज पहुंचेगी।

रेलवे के अनुसार यह ट्रेन अंजार, गांधीधाम, बचाउ, भीलड़ी, धनेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालोर, मोकलसर, समदड़ी, लूनी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, अलवर और रेवाड़ी स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इससे राजस्थान के पश्चिमी और मध्य क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की संभावना है।

नई एक्सप्रेस ट्रेन में कुल 18 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। इनमें 1 सेकंड एसी, 3 थर्ड एसी, 8 स्लीपर, 4 सामान्य श्रेणी, 1 पावर कार और 1 गार्ड डिब्बा शामिल होगा। रेलवे का मानना है कि इस नई रेलसेवा से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधा, सुगम आवागमन और सुरक्षित यात्रा का विकल्प मिलेगा।

भुज-दिल्ली प्रतिदिन एक्सप्रेस के संचालन से राजस्थान और गुजरात के बीच रेल संपर्क और मजबूत होगा, वहीं अजमेर, जयपुर, जालोर और पाली मारवाड़ सहित कई प्रमुख स्टेशनों के यात्रियों को सीधी और नियमित रेल सेवा का लाभ मिल सकेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story