राजस्थान में हर गांव को किसान संघ से जोड़ने का संकल्प, गजेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं को दिया संगठन विस्तार का मंत्र
जयपुर में भारतीय किसान संघ की प्रदेश प्रतिनिधि सभा बैठक में गजेंद्र सिंह ने गांव-गांव सदस्यता और संगठन विस्तार का संकल्प दिलाया।

तस्वीर में जयपुर के बलराम भवन में आयोजित भारतीय किसान संघ की प्रदेश प्रतिनिधि सभा बैठक के दौरान मंच पर बैठे पदाधिकारी और सामने उपस्थित कार्यकर्ता नजर आ रहे हैं।
जयपुर के वैशाली नगर स्थित बलराम भवन में 18 अगस्त 2026 को भारतीय किसान संघ की राजस्थान प्रदेश प्रतिनिधि सभा बैठक आयोजित हुई। बैठक के द्वितीय सत्र में अखिल भारतीय किसान संघ के सह संगठन मंत्री माननीय गजेंद्र सिंह ने राजस्थान प्रदेश के कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार, कार्य विभाजन, अनुशासन और गांवों में संगठन की मजबूत उपस्थिति को लेकर संबोधित किया।
पाथेय सभा के मुख्य वक्ता गजेंद्र सिंह ने कहा, “कार्य का विभाजन संगठन का एक महत्त्वपूर्ण गुर है। सभी कार्य एक व्यक्ति के उत्तरदायित्व में जरूर हों, किन्तु वह व्यक्ति अपने समस्त कार्य उपयुक्त पात्रों में वितरित कर स्वयं निरीक्षण करता रहे। एक ही आदमी से सभी कार्य भली प्रकार प्रतिपादित नहीं हो सकते।”
गजेंद्र सिंह ने कहा कि भारतीय किसान संघ की स्थापना राजस्थान से हुई है। यदि यह गर्व का विषय है तो किसान संघ के प्रत्येक कार्यकर्ता को संघ परिवार की परंपरा, प्रतिष्ठा और अनुशासन के साथ संगठन को जीना होगा। उन्होंने कहा कि स्नेह और आत्मीयता के साथ प्रत्येक गांव को किसान संघ युक्त करना होगा। इससे गांव को सामर्थ्य के साथ मजबूती से खड़ा किया जा सकेगा और देश के नीति निर्धारक अपनी योजनाओं का निर्माण गांव की चौपाल की चर्चा के आधार पर करेंगे। उन्होंने कहा कि तभी किसान संघ की स्थापना का लक्ष्य पूर्ण हो पाएगा और संस्थापकों के संकल्प की पूर्णाहुति हो पाएगी।
उन्होंने कहा कि गांवों को सामर्थ्य के साथ खड़ा करना है, ताकि गांव की चौपाल की चर्चा देश की नीति बनाने वालों तक पहुंचे। श्री दत्तोपंत ठेंगड़ी जी के उक्त कथन की चर्चा करते हुए अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह जी ने राजस्थान प्रदेश प्रतिनिधि सभा बैठक के द्वितीय सत्र में कहा कि गांवों में सामर्थ्य खड़ा करने का संकल्प लेकर भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर सदस्यता अभियान चलाएंगे।
उन्होंने कहा कि किसान संघ के स्थापना के स्वर्ण जयंती वर्ष में राजस्थान प्रदेश के सभी गांव को किसान संघ नियुक्त करने के लिए ऐसी ही साधना की रचना करेंगे।
गजेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं को संगठन के विस्तार के साथ उसकी बुनियाद को मजबूत रखने का भी संदेश दिया। उन्होंने कहा, “साधना में अंत तक समस्याओं का आना स्वाभाविक है। जिन सीढ़ियों को हमने पार तो कर लिया, किंतु दृढ़तापूर्वक अपने आप को संतुलित किये बिना, विकास की उत्कट कामना में आगे छलांग मार ली हो, कभी-कभी उन स्थलों की अपरिपक्व सिद्धि भी सिरदर्द पैदा कर सकती है। बुनियाद की कच्ची ईंट विकास की इमारत को भूमिसात करने का भी कारण बन सकती है।”
उन्होंने कहा कि किसान संघ के सभी कार्यकर्ताओं को अपनी पूर्ण क्षमता और पूर्ण संकल्प के साथ राजस्थान प्रदेश में शत प्रतिशत किसान संघ युक्त ग्राम की योजना को साकार करना होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने की, जबकि संचालन प्रदेश महामंत्री तुलछाराम सिंवर ने किया। बैठक में राजस्थान प्रदेश की कार्यकारिणी, तीनों प्रांत की कार्यकारिणी एवं प्रदेश के सभी संभागों की कार्यकारिणियों के बंधु उपस्थित रहे। विशेष रूप से अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य माननीय कैलाश गंदोलिया उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
