भारत विकास परिषद ने सवाई माधोपुर में संपन्न किया 'परिंडा लगाओ अभियान'
सवाई माधोपुर के मानटाउन में 3 से 21 मई तक चले इस शून्य व्यय अभियान के तहत पक्षियों के लिए रिकॉर्ड 251 परिंडे स्थापित किए गए।

सवाई माधोपुर के मानटाउन में 21 मई 2026 को 'परिंडा लगाओ अभियान' के सफल समापन पर भारत विकास परिषद शाखा के पदाधिकारी और सदस्य बैनर के साथ एकजुट हुए।
भारत विकास परिषद् शाखा मानटाउन द्वारा बेजुबान पक्षियों के संरक्षण हेतु चलाया गया ‘परिंडा लगाओ अभियान’ 3 मई से 21 मई 2026 तक निरंतर संचालन के बाद सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। यह अभियान प्रांतीय अध्यक्ष श्री हेमंत गर्ग के कुशल मार्गदर्शन में शहर में एक व्यापक जन-आंदोलन के रूप में उभरा, जिसके अंतर्गत कुल 251 परिंडे स्थापित किए गए।
अभियान की विशेषता यह रही कि इसे पूर्णतः शून्य व्यय में संपन्न किया गया। इसमें किलकारी हॉस्पिटल के डॉo सुधीर अग्रवाल द्वारा 201 परिंडे तथा पर्यावरण संयोजक एवं नवदीप स्कूल के निदेशक श्री ज्ञानेंद्र दत्त शर्मा द्वारा 50 परिंडे निःशुल्क उपलब्ध कराए गए। इस प्रकार कुल 251 परिंडों के माध्यम से पक्षियों के लिए जल उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
शाखा सचिव उमेश कुमार गुप्ता ने बताया कि अभियान के तहत महावीर पार्क, बाल मंदिर कॉलोनी, दशहरा मैदान, महाराणा प्रताप कॉलोनी, गुलाब बाग पार्क, ई.एस.आई. डिस्पेंसरी, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी एवं बड़ के बालाजी मंदिर सहित विभिन्न स्थानों पर परिंडे बांधकर उनमें जल भरा गया।
इस अभियान में शाखा अध्यक्ष प्रदीप गर्ग, सेवा संयोजक रत्नाकर गोयल, संस्कार संयोजक ज्ञानेंद्र गुप्ता, कोषाध्यक्ष विपिन अग्रवाल, प्रकल्प प्रभारी मनीष गोयल, सीoएo कपिल नामा, राजेंद्र कंसल, राम प्रताप सिंह, देवेन्द्र जांगिड, सूर्यकांत गोयल, वरिष्ठ सदस्य डॉ. भरत मथुरिया, जितेन्द्र द्विवेदी, वीरेंद्र गुप्ता, महावीर सिंहल तथा मौजीराम मीना सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय योगदान दिया।
वहीं महिला शक्ति की सहभागिता भी उल्लेखनीय रही, जिसमें चित्रा गर्ग, ममता शर्मा, मोना गुप्ता, अनीता गुप्ता, प्रीति गुप्ता, उमा अग्रवाल, सुनीता सिंहल, संतोष मथुरिया एवं मंजू गुप्ता ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
अभियान के समापन अवसर पर शाखा सचिव उमेश कुमार गुप्ता तथा पर्यावरण संयोजक ज्ञानेन्द्र दत्त शर्मा ने समस्त शहरवासियों से अपील की कि लगाए गए इन परिंडों में नियमित रूप से जल भरते रहें तथा जीव-दया के इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाते रहें। यह पहल शहर में पर्यावरण संरक्षण और जीव-जगत के प्रति संवेदनशीलता का महत्वपूर्ण संदेश देती है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
