सवाई माधोपुर। संस्कार, सहयोग, सेवा, सम्पर्क एवं समर्पण के भाव से स्वस्थ, समर्थ एवं संस्कारित भारत के निर्माण के लिए कटिबद्ध भारत विकास परिषद शाखा मानटाउन का फागोत्सव एवं वार्षिक चुनाव कार्यक्रम एक निजी मैरिज गार्डन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की गरिमामयी शुरुआत परिषद के समस्त दायित्वधारी सदस्यों द्वारा भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं राष्ट्रगीत के साथ की गई।

अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान

तत्पश्चात चुनाव पर्यवेक्षक एवं प्रांतीय संगठन सचिव आदित्य भारद्वाज, प्रांतीय नगर समन्वयक दिनेश सोनी, हम्मीर शाखा सचिव प्रेम प्रकाश पाराशर तथा गंगापुर सिटी शाखा गतिविधि संयोजक विजय मीना का परिषद के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र दत्त शर्मा, सचिव कपिल नामा एवं कोषाध्यक्ष उमेश कुमार गुप्ता द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। इसी क्रम में राष्ट्रीय गतिविधि सदस्य संपर्क हरिप्रसाद शर्मा एवं महिला सहभागिता प्रभारी मीना उपाध्याय द्वारा परिषद में जुड़े नए सदस्य डॉ विनोद कुमार शर्मा, अर्चना शर्मा, नरेश बज, बबीता जैन, गिरीश कुमार शर्मा, सोनी शर्मा आदि का दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया गया एवं उन्हें परिषद की विधिवत सदस्यता दिलाई गई।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सराबोर हुआ फागोत्सव

फागोत्सव कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से परिषद सदस्यों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दी। पूर्वाक्षी अग्रवाल द्वारा "श्री हरि स्त्रोतम" पर भरतनाट्यम नृत्य की प्रस्तुति दी गई। दीनदयाल अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, हेमंत गर्ग, चित्रा गर्ग, महावीर सिंहल, सुनीता सिंहल, ज्ञानेंद्र गुप्ता एवं मोना गुप्ता ने "बरसाने की छोरी" पर सामूहिक नृत्य किया। बबीता गुप्ता एवं रुबी माथुरिया ने "सर सर होलिका जले" पर तथा रेखा जैन व सीमा द्वारा "होली के रंग" गीत पर नृत्य की प्रस्तुति दी गई। इसके साथ ही कीर्ति सुवालका द्वारा "ठंडो चालै वायरियों" एवं सिद्धी द्वारा "श्री कृष्ण गोविंद हरे मुरारी" भजन पर सुंदर प्रस्तुति दी गई।

जीवंत हुई कृष्ण-सुदामा की मित्रता

परिषद् सदस्य ज्ञानेंद्र गुप्ता के निर्देशन में तैयार की गई लघु नाटिका कृष्ण सुदामा मिलन प्रसंग में सदस्यों द्वारा बहुत ही सुंदर और भावनात्मक प्रस्तुति दी गई जिसमें ज्ञानेंद्र गुप्ता द्वारा सुदामा के चरित्र को जीवन्त कर दिया जिससे सभी श्रोता भावविभोर हो उठे। इस नाटिका में दीनदयाल अग्रवाल ने कृष्ण की, संतोष अग्रवाल ने रूक्मिणी की तथा हेमंत गर्ग, राजेंद्र यादव, महावीर सिंहल, चंचल, संजना व राज ने द्वारपाल की भूमिका निभाई।

निर्विरोध कार्यकारिणी का निर्वाचन

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में चुनाव पर्यवेक्षक आदित्य भारद्वाज द्वारा भारत विकास परिषद की चुनाव प्रक्रिया को समझाते हुए चुनाव संपादित करवाए गए। इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में प्रदीप गर्ग को निर्विरोध अध्यक्ष, उमेश कुमार गुप्ता को सचिव एवं विपिन अग्रवाल को कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया। ---

आभार एवं समापन

अंत में सभी सदस्यों द्वारा सामूहिक फाल्गुन नृत्य किया गया। शाखा के निवर्तमान अध्यक्ष ज्ञानेंद्र दत्त शर्मा द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने में गतिविधि प्रभारी जितेंद्र द्विवेदी एवं सभी सदस्यों का हार्दिक आभार प्रकट किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय गतिविधि सदस्य संपर्क हरि प्रसाद शर्मा, क्षेत्रीय संयोजक संपर्क दिनेश गर्ग, क्षेत्रीय महिला संयोजिका मीना शर्मा, प्रांतीय महासचिव हेमंत गर्ग, जिला समन्वयक दीनदयाल अग्रवाल, शाखा अध्यक्ष ज्ञानेंद्र शर्मा, शाखा सचिव कपिल नामा एवं शाखा कोषाध्यक्ष उमेश कुमार गुप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का विधिवत समापन राष्ट्रगान एवं सामूहिक भोज के साथ हुआ।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story