समाज सेवा और राष्ट्र आराधना को अपना परम ध्येय मानने वाली अग्रणी संस्था भारत विकास परिषद, शाखा मानटाउन द्वारा स्थानीय रेलवे स्टेशन पर भीषण गर्मी के दौर में यात्रियों के लिए संचालित ऐतिहासिक 'जल मंदिर' सेवा प्रकल्प के समर्पित सेवादारों के बहुमान हेतु एक गरिमामयी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ परिषद के वरिष्ठ दायित्वधारियों द्वारा मां भारती और स्वामी विवेकानन्द के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और वंदेमातरम् के साथ हुआ।

शाखा सचिव उमेश कुमार गुप्ता ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह पुनीत सेवा कार्य और सम्मान समारोह शाखा संयोजक-सेवा रत्नाकर गोयल के निर्देशन में संपन्न हुआ। समारोह में राष्ट्रीय गतिविधि सदस्य संपर्क हरि प्रसाद शर्मा, जिला समन्वयक दीनदयाल अग्रवाल, शाखा अध्यक्ष प्रदीप गर्ग एवं कोषाध्यक्ष विपिन अग्रवाल उपस्थित रहे। इस अवसर पर जल मंदिर प्रभारी राजेंद्र मथुरिया, रक्तदान प्रभारी राजकुमार दौसाया तथा घनश्याम जिंदल की देखरेख में अनवरत अपनी सेवाएं देने वाले सभी जल सेवावीरों का अतिथियों द्वारा माला पहनाकर, प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिह्न भेंट कर भावभीना अभिनंदन किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने मुक्त कंठ से सराहना की और कहा कि झुलसाती धूप और तपती गर्मी में रेलवे स्टेशन पर आने वाले हजारों थके-हारे मुसाफिरों का कंठ तृप्त करना ही सबसे बड़ा पुण्य और सच्ची मानव सेवा है। समारोह के समापन पर शाखा अध्यक्ष ने सभी आगंतुकों, अतिथियों और कर्मठ सेवादारों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी समाज हित के ऐसे सेवा प्रकल्पों को पूरी ऊर्जा और निरंतरता के साथ जारी रखने का दृढ़ संकल्प दोहराया और राष्ट्रगान के साथ समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर परिषद् के जल सेवादार सीए कपिल नामा, महेन्द्र जैन, रामप्रताप सिंह, राजेंद्र कंसल, सुनीता रानी, रेखा जैन, दीपिका सिंह की उपस्थिति रही।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story