हिण्डौन में भारत विकास परिषद का दायित्व ग्रहण व भामाशाह सम्मान समारोह
लक्ष्मी पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में नवनियुक्त कार्यकारिणी ने ली शपथ। रक्तदान, जलमंदिर और मोक्षधाम विकास में सहयोग देने वाले भामाशाहों का हुआ सम्मान।

हिण्डौन सिटी के लक्ष्मी पैलेस में आयोजित भारत विकास परिषद के समारोह में नवनियुक्त कार्यकारिणी सदस्य और पदाधिकारी।
हिण्डौन सिटी स्थित लक्ष्मी पैलेस में भारत विकास परिषद शाखा हिण्डौन सिटी द्वारा आयोजित दायित्व ग्रहण समारोह, कार्यशाला एवं भामाशाह सम्मान समारोह अत्यंत भव्य एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में परिषद के सेवा, संस्कार एवं समर्पण भाव की सशक्त झलक देखने को मिली। इस अवसर पर शहर के गणमान्य नागरिकों, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में परिषद सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता हर्षवर्धन शर्मा ने की, जबकि धर्मेन्द्र मित्तल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथि, पूर्व अध्यक्ष उपेन्द्र गुप्ता, पूर्व सचिव दीनदयाल सिंघल, पूर्व कोषाध्यक्ष उमेश शर्मा एवं कार्यक्रम संयोजक पंकज जैन द्वारा भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्रपट पर दीप प्रज्वलित कर किया गया।
पूर्व सचिव दीनदयाल सिंघल द्वारा शाखा का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसमें वर्षभर परिषद द्वारा किए गए सेवा कार्यों, सामाजिक गतिविधियों, संस्कारमूलक आयोजनों एवं विभिन्न प्रकल्पों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिवेदन में रक्तदान, जलमंदिर, मोक्षधाम विकास, पर्यावरण एवं छात्र सम्मान जैसे सेवा कार्यों को विशेष रूप से रेखांकित किया गया।
पूर्व अध्यक्ष उपेन्द्र गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि परिषद केवल एक संगठन नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और राष्ट्रभावना का सशक्त माध्यम है। उन्होंने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए बताया कि परिषद परिवार ने रक्तदान, जलसेवा, मोक्षधाम विकास एवं सामाजिक सहयोग के अनेक कार्य किए हैं तथा समर्पित कार्यकर्ताओं के सहयोग से शाखा निरंतर नई ऊँचाइयों को प्राप्त कर रही है।
इसके पश्चात नवनियुक्त अध्यक्ष राजेन्द्र गुप्ता, सचिव योगेश कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष लक्ष्मण गुप्ता एवं पांचों गतिविधि संयोजकों ने परिषद के दायित्वों की शपथ ग्रहण की। प्रांतीय संरक्षक हर्षवर्धन शर्मा द्वारा संपूर्ण कार्यकारिणी को विधिवत शपथ दिलाई गई।
कार्यशाला के दौरान प्रांतीय महासचिव धर्मेन्द्र मित्तल ने परिषद के पंच सूत्र—“संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा एवं समर्पण”—पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि यही सूत्र परिषद की आत्मा हैं तथा इनके माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है। उन्होंने संगठन को अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने का आह्वान किया।
प्रांतीय संरक्षक हर्षवर्धन शर्मा ने परिषद की कार्यप्रणाली, संगठन विस्तार, सदस्य दायित्व एवं कोष व्यवस्था पर विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए कहा कि परिषद समाज में सेवा एवं संस्कार की अलख जगा रही है और प्रत्येक सदस्य को संगठन के उद्देश्यों के अनुरूप कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम में परिषद के सेवा प्रकल्पों—रक्तदान, जलमंदिर एवं मोक्षधाम विकास—में सहयोग देने वाले भामाशाहों का शॉल, दुपट्टा एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। रक्तदान प्रकल्प में सहयोग करने वाले 4, जलमंदिर हेतु 12 तथा मोक्षधाम विकास में सहयोग देने वाले 74 भामाशाहों का अभिनंदन किया गया।
इसी दौरान प्रकल्प प्रभारी मोहित मित्तल को रक्तदान क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं हेतु तथा पवन ऐरन को मोक्षधाम विकास में उल्लेखनीय कार्य के लिए प्रांत द्वारा स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। परिषद परिवार के मेधावी छात्रों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का प्रभावी एवं आकर्षक मंच संचालन मुकेश जी जैन एवं श्वेता जैन द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रांतीय पदाधिकारी निरंजन शर्मा, सुबोध जैन, पंकज जैन, देवेंद्र शर्मा, डॉ. रमेश अग्रवाल, ओमप्रकाश गोयल, कैलाश अग्रवाल, ओमप्रकाश गुप्ता, नरेश रामपुरा, संजीव गुप्ता, बजरंग गोयल, उमेश शर्मा, शंभू गुप्ता, कमलेश वशिष्ट, यादराम महावर, अनिल गुप्ता, बॉबी सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
महिला टीम में वंदना शर्मा, आरती बिंदल, पूजा सिंहल, सपना जैतवाल, माया गोयल, कविता ऐरण, सुधा गुप्ता, रमणी जैन, मंजू गुप्ता, श्वेता जैन, सुहानी राजकुमारी, पूजा गुप्ता, सुनीता जैन, मोना मित्तल, कुमकुम सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहीं। समारोह ने सेवा, संस्कार और समर्पण के संदेश को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया तथा संगठनात्मक एकता को और अधिक मजबूत किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
