भारत विकास परिषद हम्मीर शाखा की नई कार्यकारिणी घोषित, राजेश गोयल ने संभाला अध्यक्ष पद
सवाई माधोपुर में भारत विकास परिषद हम्मीर शाखा की नई कार्यकारिणी ने दायित्व संभाला। राजेश गोयल अध्यक्ष बने और वर्ष 2026-27 की टीम की घोषणा की गई।

तस्वीर में सवाई माधोपुर के उत्सव मैरिज गार्डन में आयोजित कार्यक्रम के मंच पर भारत विकास परिषद हम्मीर शाखा के नवनिर्वाचित पदाधिकारी (बाएं से दाएं) महेश गुप्ता, प्रेम प्रकाश पाराशर, राजेश गोयल पांचोलास वाले, हेमंत गर्ग और दीनदयाल अग्रवाल भगवा दुपट्टा पहने हुए एक साथ खड़े हैं।
सवाई माधोपुर में भारत विकास परिषद हम्मीर शाखा के वर्ष 2026-27 के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का दायित्व ग्रहण समारोह हाउसिंग बोर्ड रोड स्थित उत्सव मैरिज गार्डन में राजस्थान पूर्व के प्रांतीय अध्यक्ष हेमंत गर्ग के सानिध्य में आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ।
कार्यक्रम के दौरान शाखा कोषाध्यक्ष महेश गुप्ता ने वर्ष 2025-26 का वार्षिक लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, जबकि शाखा सचिव प्रेम प्रकाश पाराशर ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए वर्षभर में आयोजित सेवा, संस्कार एवं सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी। इसके बाद प्रांतीय अध्यक्ष हेमंत गर्ग ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेश गोयल पांचोलास वाले, सचिव प्रेम प्रकाश पाराशर एवं कोषाध्यक्ष महेश गुप्ता को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाकर दायित्व ग्रहण कराया।
दायित्व ग्रहण के बाद अध्यक्ष राजेश गोयल ने वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी की घोषणा की। कार्यकारिणी में संरक्षक के रूप में सुरेंद्र पांड्या एवं रामअवतार गौतम, अध्यक्ष राजेश गोयल पांचोलास वाले, सचिव प्रेम प्रकाश पाराशर, कोषाध्यक्ष महेश गुप्ता, सेवा प्रमुख श्याम सुंदर सिंघल, संस्कार प्रमुख आलोक जैन, संपर्क प्रमुख अमित टटवाल, पर्यावरण प्रमुख अंकित जैन, महिला प्रमुख श्रीमती ममता महेश्वरी तथा सहसचिव राहुल चौधरी को दायित्व सौंपा गया।
शाखा के विभिन्न प्रकल्पों एवं गतिविधियों के लिए संस्कृति सप्ताह प्रभारी राजेन्द्र मंगल (एलआईसी) एवं संदीप गोयल, भारत को जानो कार्यक्रम प्रभारी श्रीमती मंजू जैन एवं मनीष जैन बीके, समूहगान प्रभारी चन्द्रभानु शर्मा एवं कपिल जैन, रक्तदान प्रभारी मूलचंद नागर, जल मंदिर (स्थायी प्रकल्प) प्रभारी राजेश जांगिड़ एवं रामजी लाल जाट, चिकित्सा प्रभारी डॉ. संगीत गर्ग एवं डॉ. ऋषभ गोयल, वनवासी सहायता प्रभारी अशोक गोयल, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ प्रभारी राधा गोयल एवं श्रीमती हेमा गर्ग, निर्धन छात्र एवं ग्राम विकास प्रभारी प्रकाश जोशी एवं पंकज बज, विकलांग सहायता प्रभारी नरेन्द्र मोहन चौधरी, हम्मीर वाटिका (स्थायी प्रकल्प) प्रभारी निर्मल जैन एवं राजेन्द्र मंगल, गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन प्रभारी दिनेश कुमार शर्मा एवं मनीष मंत्री तथा महापुरुष जयंती एवं राष्ट्रीय पर्व प्रभारी सुशील जैन एवं नितिन अग्रवाल को जिम्मेदारी सौंपी गई। जिला समन्वयक दीनदयाल अग्रवाल ने नवीन कार्यकारिणी को दायित्व ग्रहण करवाया।
समारोह में विशेष आमंत्रित सदस्यों के रूप में श्रीराम चौधरी, विष्णुजी माथुर एवं नरेन्द्र मोहन गर्ग ‘पिंटू’ उपस्थित रहे। प्रांतीय अध्यक्ष हेमंत गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि भारत विकास परिषद संपर्क, सहयोग, सेवा, समर्पण एवं संस्कार के पंचसूत्रीय सिद्धांतों पर कार्य करते हुए समाज एवं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने परिवार प्रबोधन एवं संस्कार आधारित कार्यक्रमों को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
जिला समन्वयक दीनदयाल अग्रवाल ने संगठन में संस्कारों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए सक्रिय एवं समर्पित नए सदस्यों को जोड़ने पर बल दिया। वहीं नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेश गोयल ने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से समाज सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों में तन, मन और धन से समर्पित भाव से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन आलोक जैन एवं कपिल जैन ने किया। समारोह में भारत विकास परिषद के प्रांतीय पदाधिकारी, हम्मीर शाखा के सदस्य, मातृशक्ति तथा मानटाउन शाखा के अध्यक्ष प्रदीप गर्ग, सचिव उमेश गुप्ता, कोषाध्यक्ष प्रदीप गोयल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
