भारत विकास परिषद् समारोह में प्रो. मधु मुकुल की पुस्तक का लोकार्पण
तेजाजी नगर शाखा के शपथ ग्रहण समारोह में 'चिंतन के विविध आयाम' पुस्तक का विमोचन किया गया, जिसमें कई गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

तेजाजी नगर में रविवार देर शाम आयोजित भारत विकास परिषद् के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान उपस्थित प्रोफेसर मधु मुकुल चतुर्वेदी, कविता साहनी, विजय खूंटेटा, सुनील कुमार गुप्ता, ओम प्रकाश गुप्ता, देवेंद्र प्रकाश श्रीवास्तव और अन्य गणमान्य नागरिक।
भारत विकास परिषद् तेजाजी नगर शाखा द्वारा रविवार देर शाम आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में प्रोफेसर मधु मुकुल चतुर्वेदी की पुस्तक ‘चिंतन के विविध आयाम’ का लोकार्पण किया गया। समारोह में परिषद् की क्षेत्रीय महिला सहभागिता संयोजिका कविता साहनी, प्रांतीय उपाध्यक्ष विजय खूंटेटा, परिषद् अध्यक्ष सुनील कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश गुप्ता तथा सचिव देवेंद्र प्रकाश श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से पुस्तक का लोकार्पण किया।
समारोह के दौरान प्रो. मधु मुकुल चतुर्वेदी ने अपनी पुस्तक की विषयवस्तु पर प्रकाश डालते हुए बताया कि ‘चिंतन के विविध आयाम’ में राज्य के स्वरूप, सुधारवादी विधायन, मानवाधिकार, राष्ट्रवाद, हिंदुत्व, अंतर्राष्ट्रवाद, धर्म एवं पंथ निरपेक्षता, न्याय एवं दंड व्यवस्था, दलित विमर्श तथा स्त्री विमर्श जैसे समकालीन और वैचारिक विषयों को समाहित किया गया है। उन्होंने कहा कि पुस्तक विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और वैचारिक आयामों पर गंभीर चिंतन प्रस्तुत करती है।
समारोह में शहर के बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रो. चतुर्वेदी के साहित्यिक, शैक्षणिक और सामाजिक योगदान पर भी चर्चा हुई। जानकारी के अनुसार प्रो. चतुर्वेदी की अब तक 15 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। वे अनेक शोधार्थियों के शोध निदेशक भी रहे हैं तथा लगभग 150 राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठियों में भागीदारी कर पत्र वाचन कर चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने अनेक साहित्यिक पत्रिकाओं का संपादन भी किया है।
प्रो. चतुर्वेदी को देश के विभिन्न प्रांतों द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर 125 बार सम्मानित किया जा चुका है। उनकी 150 कहानियां एवं आलेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। साहित्य, शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों में उनकी सक्रिय भागीदारी लगातार बनी हुई है। पुस्तक ‘चिंतन के विविध आयाम’ का लोकार्पण समारोह वैचारिक संवाद, साहित्यिक अभिव्यक्ति और सामाजिक चिंतन के समन्वय का महत्वपूर्ण अवसर बनकर सामने आया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
