भीषण गर्मी के बीच बेजुबान पक्षियों और जीव-जंतुओं के लिए जल सेवा को समर्पित भारत विकास परिषद शाखा सुभाष ने सोमवार को परिंडा लगाने एवं वितरण अभियान का शुभारंभ किया। जयपुर रोड स्थित भजनाश्रम, गंगापुर सिटी में आयोजित कार्यक्रम के तहत 11 परिंडे लगाकर अभियान की शुरुआत की गई।

ग्रीष्म ऋतु में पक्षियों के लिए अन्न, दाना-पानी और पेयजल की व्यवस्था को लेकर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा चलाए जा रहे सेवा कार्यों की कड़ी में भारत विकास परिषद शाखा सुभाष के पदाधिकारियों और सदस्यों ने इस अभियान को गति दी। कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन सचिव आदित्य भारद्वाज, शाखा के वरिष्ठ सदस्यों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा भारत माता और स्वामी विवेकानंद के चित्रपट पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

भाविप शाखा सुभाष के मीडिया प्रमुख धनेश शर्मा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य ग्रीष्म ऋतु में पक्षियों को पेयजल उपलब्ध कराना और समाज में जल सेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस दौरान संगठन सचिव आदित्य भारद्वाज ने परिषद के विभिन्न प्रांतीय प्रकल्पों की जानकारी देते हुए सेवा कार्यों के विस्तार पर प्रकाश डाला। वहीं शाखा के वरिष्ठ सदस्य राजेंद्र कुसुम ने उपस्थित नागरिकों को भारत विकास परिषद की रीति-नीति और सामाजिक सेवा गतिविधियों से अवगत कराया।

कार्यक्रम संयोजक सचिन शर्मा ने पक्षियों के लिए संचालित जल सेवा अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए लगाए गए परिंडों में नियमित रूप से पानी भरने की जिम्मेदारी स्थानीय नागरिकों को सौंपी। उन्होंने बताया कि भारत विकास परिषद शाखा सुभाष के पदाधिकारी और सदस्य शहर के विभिन्न स्थानों पर परिंडे लगाने के साथ-साथ परिंडा वितरण अभियान भी चलाएंगे, ताकि अधिक से अधिक स्थानों पर पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।

कार्यक्रम में प्रांतीय संगठन सचिव आदित्य भारद्वाज, सुभाष शाखा के सचिव के.के. मंगल, कोषाध्यक्ष जितेंद्र जैमिनी, कार्यक्रम संयोजक सचिन शर्मा, राजेंद्र कुसुम, बालकृष्ण गुप्ता, निखिल शर्मा, डालचंद शर्मा, गुरुदत्त शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। भीषण गर्मी में पक्षियों के संरक्षण और जल सेवा के इस अभियान को सामाजिक सरोकार से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story