जिला कलक्टर काना राम के निर्देशानुसार जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त कार्रवाई शुरू हो गई है। इसी क्रम में जिला रसद अधिकारी रामभजन मीना ने उपखण्ड बौंली में प्रवर्तन निरीक्षक के साथ उचित मूल्य दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण किया, जिसमें कई अहम तथ्य सामने आए।

निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत मित्रपुरा में उचित मूल्य दुकानदार सुरेन्द्र सिंह, पृथ्वीसिंह और हिम्मतसिंह की दुकानों की जांच की गई, जहां वितरण कार्य संतोषप्रद पाया गया। इसी प्रकार ग्राम पंचायत दतूली में गोपाल सिंह तथा ग्राम पंचायत गोतोड में रामसहाय मीना की दुकानों पर भी वितरण व्यवस्था संतोषजनक रही।

हालांकि ग्राम पंचायत बोरदा में निरीक्षण के दौरान गंभीर लापरवाही सामने आई। यहां दुकानदार बुद्विप्रकाश नैनीवाल मौके पर अनुपस्थित मिले, जबकि लड्डूलाल नैनीवाल की दुकान बंद पाई गई। इस पर संबंधितों को नियमानुसार नोटिस जारी कर विभागीय कार्यवाही प्रारंभ की जा रही है।

इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत लाखनपुर में रमेशचन्द की दुकान की जांच में स्टॉक में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। इस पर तत्काल प्रभाव से डीलर का प्राधिकार पत्र राजस्थान खाद्यान्न एवं अन्य आवश्यक पद्वार्थ (वितरण का विनियमन) आदेश 1976 के तहत निलंबित कर दिया गया। साथ ही अग्रिम विधिक कार्यवाही के लिए प्रवर्तन निरीक्षक बौंली को निर्देशित किया गया है।

जिला रसद अधिकारी रामभजन मीना ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस एजेन्सियों, पेट्रोल पम्पों और उचित मूल्य दुकानों की जांच निरंतर जारी रहेगी, ताकि आम उपभोक्ताओं को निर्धारित मानकों के अनुसार सुविधाएं मिल सकें और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित हो।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story