जिले में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बाटोदा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी और पत्थर का परिवहन कर रही 10 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया। कार्रवाई के दौरान पांच वाहन चालकों को गिरफ्तार किया गया, जबकि पांच अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उनकी पहचान कर ली है और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए वाहनों में दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में अवैध बजरी तथा आठ ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में अवैध पत्थर का परिवहन किया जा रहा था। मामले में चार अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतीश वर्मा तथा बामनवास वृत्ताधिकारी सीताराम मीणा के सुपरविजन में की गई। थानाधिकारी जगदीश चंद्र के नेतृत्व में थाना स्तर पर चार अलग-अलग टीमों का गठन कर अवैध खनन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया।

कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मुकेश गुर्जर निवासी मोरपा, रुकमकेश मीना निवासी भावड़, सिंहराज मीना निवासी फुलवाड़ा, रामसिंह मीना निवासी भरतून तथा दीपक गुर्जर निवासी भरतून शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि फरार हुए पांच अन्य वाहन चालकों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी जगदीश चंद्र के साथ राधेश्याम, दिलीप श्रीवास्तव सहित बाटोदा थाना पुलिस के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ बाटोदा पुलिस की यह कार्रवाई जिले में कानून के प्रभावी क्रियान्वयन और अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story