ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार एवं अग्रणी बैंक बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा संचालित बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान (आरसेटी) के तत्वावधान में आयोजित 12 दिवसीय निःशुल्क होममेड अगरबत्ती निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का बुधवार को समापन हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले की फलोदी ग्राम पंचायत के फिरोजपुरा गांव की 26 ग्रामीण महिला प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण पूर्ण होने पर प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

समापन कार्यक्रम में अग्रणी जिला प्रबंधक प्रदीप कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान निदेशक नीरज कुमार गोपालिया ने की, जबकि कार्यक्रम समन्वयक लोकेश जांगिड़ भी मौजूद रहे।

प्रशिक्षण का प्रमुख उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा स्किल प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें स्वरोजगार से जोड़ना रहा। इस अवसर पर लीड बैंक अधिकारी ने महिलाओं को बैंकिंग से संबंधित जानकारी दी। वहीं संस्थान निदेशक ने महिलाओं को स्वयं का रोजगार शुरू करने के लिए प्रेरित करते हुए आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को बैंकों की विभिन्न सरकारी योजनाओं, जिनमें पीपीएफ, सुकन्या समृद्धि खाता, एनपीएस, पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना, पीएम जीवन सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना तथा मुद्रा योजना शामिल हैं, की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।

गौरतलब है कि जिला मुख्यालय स्थित बड़ौदा आरसेटी द्वारा ग्रामीण बेरोजगार युवाओं को निःशुल्क आवासीय स्किल प्रशिक्षण के माध्यम से स्वरोजगार से जोड़ा जाता है। संस्थान में आगामी प्रस्तावित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सॉफ्ट टॉयज निर्माण, आर्टीफिशियल आभूषण निर्माण, डेयरी फार्मिंग, वर्मी कंपोस्ट निर्माण, ब्यूटी पार्लर एवं सैलून, एसी-फ्रिज रिपेयरिंग, सीसीटीवी इंस्टालेशन, फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी तथा सिलाई मशीन प्रशिक्षण शामिल हैं, जिनके लिए निःशुल्क पंजीकरण जारी है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन ग्रामीण महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरण के साथ हुआ, जिससे उन्हें स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिला।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story