बरनाला में थाना अधिकारी भोजराज से ग्रामीणों की बैठक, महिला घाट सुरक्षा और कांकड़ परिवहन पर बड़ा भरोसा
बरनाला में थाना अधिकारी भोजराज ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। महिला घाट की सुरक्षा, पुलिस गश्त और कांकड़ परिवहन को लेकर दिए गए आश्वासन से जुड़ी पूरी खबर।

बरनाला थाना परिसर में थाना अधिकारी भोजराज के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बैठक करते हुए।
बरनाला में थाना अधिकारी भोजराज से क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर पूर्व सरपंच राम प्रसाद मीणा, चिरंजीलाल गुर्जर, सरपंच हरिप्रसाद मीणा (सुंदरी) तथा मुरारी लाल मीणा ने थाना अधिकारी भोजराज का स्वागत किया और उन्हें क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।
बैठक में पूर्व सरपंच परसादी बरनाला ने जीवन नाले से कांकरे लाने वाले ग्रामीणों की समस्या भी उठाई। इस पर थाना अधिकारी भोजराज ने स्पष्ट किया कि वैध रूप से कांकड़ लाने वाले लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी पुलिसकर्मी द्वारा अनुचित व्यवहार किया जाता है या अवैध रूप से धन की मांग की जाती है, तो इसकी सूचना सीधे थाना अधिकारी को दी जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिकायत मिलने पर निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान ग्राम बरनाला के ऐतिहासिक बरनाला तालाब स्थित महिला घाट पर असामाजिक तत्वों द्वारा रात्रि के समय शराब पीने तथा शराब की बोतलें फेंकने की शिकायत भी ग्रामीणों ने रखी। ग्रामीणों ने बताया कि इससे महिलाओं एवं श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस पर थाना अधिकारी ने महिला घाट सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
बैठक के अंत में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में शांति, कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। थाना अधिकारी भोजराज ने कहा कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
