सहकारी समिति में खाद के लिए किसानों की परेशानी, घंटों इंतजार के बाद भी सुविधाओं का अभाव
बौंली के बरनाला में खाद के लिए लंबी कतारें लग रही हैं और बैठने या शौचालय की व्यवस्था न होने से किसानों को भारी परेशानी हो रही है।

बौंली, बामनवास। बरनाला सहकारी समिति में खाद लेने पहुंच रहे किसानों को मूलभूत सुविधाओं के अभाव और लंबी प्रतीक्षा के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों को एक कट्टा खाद लेने के लिए भी घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, वहीं समिति परिसर में बैठने और शौचालय जैसी जरूरी सुविधाएं भी पर्याप्त नहीं हैं।
सहकारी समिति सदस्य एडवोकेट मंजू कुमारी मीणा ने बताया कि समिति परिसर में किसानों के बैठने के लिए एक भी कुर्सी उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा शौचालय की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। ऐसे में खाद लेने के लिए आने वाले किसानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि खाद लेने के लिए किसानों को एक कट्टे के लिए भी घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। लंबी प्रतीक्षा के चलते किसानों का समय खराब हो रहा है और उन्हें खेती-किसानी के जरूरी काम छोड़कर समिति में घंटों रुकना पड़ रहा है।
एडवोकेट मंजू कुमारी मीणा ने संबंधित अधिकारियों से मांग की कि बरनाला सहकारी समिति में किसानों के बैठने के लिए पर्याप्त कुर्सियों, स्वच्छ एवं उपयोगी शौचालय तथा खाद वितरण की व्यवस्थित व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए। इससे खाद लेने पहुंचने वाले किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
