तहसील क्षेत्र के बरनाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की नई करोड़ों रुपए लागत वाली बिल्डिंग आमजन के लिए उम्मीद तो बनी, लेकिन सुविधाओं के अभाव ने इस उम्मीद को अधूरा छोड़ दिया है। पुरानी जर्जर बिल्डिंग से नई आधुनिक इमारत में शिफ्ट होने के बाद भी अस्पताल आज बुनियादी जरूरतों, डॉक्टरों की भारी कमी और सुरक्षा इंतजामों के अभाव से जूझ रहा है।

पूर्व सरपंच परसादी लाल मीणा और राजेंद्र बाटोदा की महत्वपूर्ण भूमिका के चलते सीएचसी को नई बिल्डिंग में स्थानांतरित किया गया था। क्षेत्रवासियों को उम्मीद थी कि अब स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार होगा और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी, लेकिन वर्तमान स्थिति इसके उलट दिखाई दे रही है।

नई बिल्डिंग के चारों ओर अब तक बाउंड्री वॉल का निर्माण नहीं हो सका है, जिससे अस्पताल परिसर की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मुख्य सड़क से अस्पताल तक पक्के रास्ते का अभाव मरीजों और उनके परिजनों के लिए गंभीर परेशानी बना हुआ है। बरसात और गर्मी दोनों मौसमों में यह समस्या और अधिक बढ़ जाती है।

इतनी बड़ी सरकारी बिल्डिंग होने के बावजूद रात के समय अस्पताल में कोई चौकीदार तैनात नहीं है। सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से अस्पताल परिसर पूरी तरह भगवान भरोसे बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना सुरक्षा के अस्पताल की संपत्ति और मरीजों की सुरक्षा दोनों खतरे में हैं।

तहसील क्षेत्र होने के कारण यहां लाखों की आबादी निवास करती है, लेकिन स्वास्थ्य सुविधाएं आबादी के अनुरूप विकसित नहीं हो पाई हैं। अस्पताल में सात डॉक्टरों के पद स्वीकृत हैं, जबकि वर्तमान में केवल एक डॉक्टर ही कार्यरत है। कई स्टाफ और कंपाउंडरों के पद भी लंबे समय से खाली पड़े हैं, जिससे मरीजों को पर्याप्त उपचार नहीं मिल पा रहा।

महिला डॉक्टर की कमी के कारण महिला मरीजों को विशेष परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में सोनोग्राफी जैसी आवश्यक जांच सुविधा भी उपलब्ध नहीं है। इसके चलते मरीजों को जांच के लिए दूर शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे समय और आर्थिक बोझ दोनों बढ़ रहे हैं।

नई बिल्डिंग में शिफ्टिंग के बाद क्षेत्रवासियों को उम्मीद थी कि यहां डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी और अत्याधुनिक मशीनों तथा जांच सुविधाओं का विस्तार होगा, लेकिन अब तक हालात में कोई बड़ा सुधार नजर नहीं आया है।

स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता राजेन्द्र बरनाला ने कहा कि नई बिल्डिंग का निर्माण क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है, लेकिन जरूरी सुविधाओं के अभाव में आमजन को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा। उन्होंने प्रशासन से डॉक्टरों की नियुक्ति, सुरक्षा व्यवस्था, सड़क निर्माण और आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

भीषण गर्मी के बीच मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में पर्याप्त डॉक्टरों और सुविधाओं की कमी लोगों की मुश्किलें और बढ़ा रही है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि जल्द आवश्यक व्यवस्थाएं नहीं की गईं तो करोड़ों रुपए की यह आधुनिक बिल्डिंग भी केवल ढांचा बनकर रह जाएगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story