बौंली, बामनवास। शिव बगीची स्थित श्री राम कला मंडल मंच बौंली के प्रांगण में आयोजित 11 दिवसीय रामलीला का रावण, कुंभकरण और मेघनाथ वध के साथ समापन हो गया। अंतिम दिन भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक की लीला का मंचन किया गया, जिसमें रामायण के प्रमुख प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया।

रामलीला मंचन से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रतनलाल पोसवाल, पूर्व अध्यक्ष कमलेश देवी जोशी एवं समाजसेवी ओम प्रकाश जोशी ने भगवान की महाआरती उतारी। इसके बाद रामलीला के अंतिम दिन की प्रस्तुतियों का शुभारंभ हुआ।

मंचन के दौरान सर्वप्रथम रावण द्वारा कुंभकरण को निद्रा से जगाकर युद्ध में भेजने का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। युद्ध में कुंभकरण के वध के बाद मेघनाथ निकुंबला माता के मंदिर में यज्ञ करने पहुंचा। इसकी सूचना मिलने पर लक्ष्मण जी हनुमान, अंगद, सुग्रीव और विभीषण की सेना के साथ वहां पहुंचे। सेना ने मेघनाथ के यज्ञ को विध्वंस किया, जिसके बाद मेघनाथ के वध की लीला का मंचन किया गया।

इसके बाद रावण वध का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। भक्त विभीषण ने भगवान श्रीराम को रावण की मृत्यु नहीं होने का कारण उसकी नाभि में स्थित अमृत कुंड बताया। इसके बाद भगवान श्रीराम ने अग्निबाण चलाकर रावण का वध किया। इस प्रसंग के मंचन के साथ रामलीला में बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश प्रस्तुत किया गया।

रावण वध के बाद भगवान श्रीराम के अयोध्या पहुंचने और उनके राज्याभिषेक की लीला का मंचन हुआ। इसी के साथ शिव बगीची स्थित श्री राम कला मंडल मंच बौंली में चल रही 11 दिवसीय रामलीला का समापन हो गया।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story