बांदीकुई मर्डर: महुवा विधायक राजेंद्र मीणा ने मृतक के परिवार को दी ₹1 लाख की सहायता
दौसा के बांदीकुई में चोरी के आरोप में पेड़ से बांधकर पीटे गए दिनेश मीणा की मौत के बाद पहुंचे महुवा विधायक ने अपनी एक महीने की सैलरी पीड़ित परिवार को सौंपी।

दौसा के बांदीकुई में असामाजिक तत्वों की मारपीट से मृत दिनेश मीणा के परिजनों से शनिवार को मिलकर सांत्वना व्यक्त करते और आर्थिक सहायता का चेक सौंपते महुवा विधायक राजेंद्र मीणा।
दौसा जिले के बांदीकुई में चोरी के आरोप में पेड़ से बांधकर की गई निर्मम मारपीट के कारण दम तोड़ने वाले दिनेश मीणा के निवास स्थान पर शनिवार को महुवा विधायक राजेंद्र मीणा पहुंचे। विधायक ने स्व. दिनेश मीणा की शोकसभा में सम्मिलित होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी।
दो दिन पूर्व कुछ असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों द्वारा की गई इस बर्बरतापूर्ण पिटाई के कारण दिनेश मीणा का असामयिक निधन अत्यंत दुखद, हृदयविदारक और निंदनीय है। घटना की गंभीरता को देखते हुए विधायक राजेंद्र मीणा ने तुरंत पुलिस अधीक्षक को फोन किया और प्रारंभ से ही पुलिस प्रशासन से दोषियों के विरुद्ध कठोर एवं निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। शोकसभा के दौरान महुवा विधायक ने पुलिस प्रशासन से पुनः कड़े शब्दों में आग्रह किया कि इस जघन्य घटना में शामिल सभी आरोपियों को शीघ्र से शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि दिवंगत दिनेश कुमार मीणा को न्याय मिल सके और समाज में कानून व व्यवस्था के प्रति विश्वास सुदृढ़ बना रहे।
शोक में डूबे पीड़ित परिवार की अत्यंत दयनीय आर्थिक हालत को देखते हुए विधायक राजेंद्र मीणा ने संवेदनशीलता दिखाते हुए अपना एक महीने का वेतन, जो कि 01 लाख रुपये है, सहायता राशि के रूप में परिवारजनों को सुपुर्द किया। इस दौरान जब राजेंद्र मीणा ने मृतक दिनेश के मासूम बेटे को अपनी गोद में लिया तो वहां उपस्थित सभी लोगों की आंखें नम हो गईं और पूरा माहौल गमगीन हो गया। पीड़ित परिवार को अपनी ओर से 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भेंट करने के साथ ही विधायक ने उन्हें हर संभव परिस्थिति में साथ देने तथा हर हाल में न्याय दिलाने का ठोस आश्वासन दिया। विधायक राजेंद्र मीणा ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें एवं इस घोर संकट की घड़ी में परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की क्षमता व संबल प्रदान करें।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
