चौथ का बरवाड़ा से शिवाड़ होते हुए जयपुर जाने वाले प्रमुख मार्ग पर बनास नदी के डिडायच क्षेत्र में 101 करोड़ रुपये की लागत से उच्च स्तरीय पुल निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। सोमवार को खण्डार विधायक जितेंद्र गोठवाल ने विधिवत शिलान्यास कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया, जिससे क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही आवागमन बाधा के समाधान की दिशा में निर्णायक कदम उठाया गया।

शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जितेंद्र गोठवाल ने कहा कि वर्तमान में नदी पर बनी रपटों की ऊंचाई कम होने के कारण हर वर्ष बरसात के दौरान यह मार्ग लगभग चार माह तक अवरुद्ध रहता है। इस स्थिति में आमजन को आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुल निर्माण पूर्ण होने के बाद यह समस्या स्थायी रूप से समाप्त हो जाएगी और नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध होगी।

उन्होंने बताया कि मार्ग बंद होने की स्थिति में लोगों को शिवाड़ एवं जयपुर जाने के लिए लगभग 70 किलोमीटर लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ता है, जिससे समय और संसाधनों की अतिरिक्त हानि होती है। प्रस्तावित पुल निर्माण से करीब 2 लाख से अधिक आबादी को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा क्षेत्रीय संपर्क सुदृढ़ होने के साथ विकास को नई गति प्राप्त होगी।

विधायक ने कहा कि राज्य सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कर रही है और अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

फोटो कैप्शन: 4 पीआरओ 3 से 6 कार्यक्रम को संबोधित करते खण्डार विधायक जितेन्द्र गोठवाल।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story