जनसहयोग से बदलेगा बामनवास पट्टी खुर्द विद्यालय का स्वरूप, मिलेंगे 1.12 लाख रुपये
बामनवास के पट्टी खुर्द विद्यालय को 45 हजार रुपये का जनसहयोग मिला। राज्यांश से कुल 1.12 लाख रुपये से कंप्यूटर, फर्नीचर सहित संसाधन विकसित होंगे।

तस्वीर में कार्यालय के अंदर पांच व्यक्ति खड़े हैं, जिनमें से आगे खड़े व्यक्ति एक चेक और दस्तावेज सौंप रहे हैं, जबकि पीछे दीवार पर महापुरुषों की तस्वीरें लगी हैं।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पट्टी खुर्द बामनवास के भौतिक एवं शैक्षिक विकास को जनसहभागिता से नई गति मिलेगी। विद्यालय स्टाफ एवं ग्रामीणों ने विद्यालय के विकास के लिए 45 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की है। मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के तहत इस राशि पर राज्य सरकार द्वारा लगभग 67 हजार रुपये का अतिरिक्त राज्यांश दिया जाएगा। इससे विद्यालय को विकास कार्यों के लिए कुल लगभग 1 लाख 12 हजार रुपये उपलब्ध होंगे।
जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिले में संचालित अभिनव पहल “भविष्य की उड़ान” तथा मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना ग्रामीण क्षेत्रों के राजकीय विद्यालयों में भौतिक एवं शैक्षिक संसाधनों के विकास का प्रभावी माध्यम बन रही है। इसी क्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पट्टी खुर्द बामनवास के विकास के लिए विद्यालय स्टाफ एवं ग्रामीणों द्वारा 45 हजार रुपये की सहयोग राशि दान स्वरूप प्रदान की गई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ओम प्रकाश मीणा ने सहयोग राशि का चेक मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के अंतर्गत जमा कराने के लिए मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी देवी लाल मीणा एवं अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक हरकेश लाल मीणा को सौंपा।
एडीपीसी हरकेश लाल मीणा ने कहा कि स्थानीय समुदाय एवं विद्यालय परिवार की सक्रिय भागीदारी से शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन संभव हो रहे हैं। जनसहभागिता से विद्यालयों में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास तेजी से हो रहा है, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध हो रहे हैं।
कार्यक्रम अधिकारी, समग्र शिक्षा हेमराज मीणा ने बताया कि मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के प्रावधानों के अनुसार प्राप्त 45 हजार रुपये की सहयोग राशि पर राज्य सरकार द्वारा लगभग 67 हजार रुपये का अतिरिक्त राज्यांश उपलब्ध कराया जाएगा। इस प्रकार विद्यालय को विकास कार्यों के लिए कुल लगभग 1 लाख 12 हजार रुपये की राशि प्राप्त होगी।
उन्होंने बताया कि इस राशि से विद्यालय में कंप्यूटर, प्रिंटर, विद्यार्थियों के लिए फर्नीचर सहित अन्य आवश्यक भौतिक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे विद्यालय की आधारभूत सुविधाएं सुदृढ़ होंगी तथा विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण प्राप्त होगा।
इस दौरान सहायक निदेशक शिव चरण मीणा इत्यादि उपस्थित रहे। जनसहयोग से उपलब्ध इस राशि के माध्यम से विद्यालय में आवश्यक संसाधनों के विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
