शिक्षा विभाग की अभिनव पहल के अंतर्गत क्षेत्र के ज्योति शिक्षण संस्थान सीनियर सैकण्डरी स्कूल और वर्धमान कोचिंग सेन्टर के संयुक्त तत्वाधान में शुक्रवार, 10 अप्रैल 2026 को ऋषभदेव पखवाड़े का भव्य शुभारंभ किया गया। देवाधिदेव भगवान ऋषभदेव के पावन जीवन चरित्र पर आधारित इस विशेष आयोजन की शुरुआत प्री-प्राइमरी कक्षा के नन्हे विद्यार्थियों के साथ हुई, जिन्हें सर्वप्रथम भगवान ऋषभदेव के प्रेरक जीवन पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के निदेशक अखलेश गुर्जर ने विद्यार्थियों को माता मरूदेवी के सोलह स्वप्नों के अद्भुत रहस्यों और उनके आध्यात्मिक अर्थों से विस्तारपूर्वक अवगत कराया।

विश्व णमोकार महामंत्र दिवस के पावन अवसर पर विद्यालय परिसर उस समय सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर हो उठा, जब नन्हे-मुन्ने बच्चों ने एक साथ ध्यान मुद्रा में बैठकर अपनी मधुर और निर्दोष आवाज में णमोकार महामंत्र का सामूहिक जाप किया। इस आध्यात्मिक वातावरण के बीच वर्धमान कोचिंग सेन्टर की निदेशक एकता जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि णमोकार महामंत्र में पांच परमेष्ठियों—अरिहंत, सिद्ध, आचार्य, उपाध्याय और सर्वसाधु—को नमन किया जाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन परम पदों को प्राप्त करने के लिए जीवन में धर्म की राह पर चलते हुए त्याग और पुरुषार्थ की भावना को आत्मसात करना अनिवार्य है।

आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए प्रधानाचार्य श्रीमती कृपा गुर्जर ने जानकारी दी कि शिक्षा विभाग के आदेशों की अनुपालना में सोमवार को ऋषभ स्तुति और शिक्षाप्रद कहानियों का वाचन होगा, जबकि मंगलवार को चित्रकला, पोस्टर निर्माण, रंगोली, निबंध, प्रश्नोत्तर, रचनात्मक लेखन और कविता पाठ जैसी प्रतियोगिताओं के जरिए बच्चों की प्रतिभा को निखारा जाएगा। बुधवार को विद्यालय में विशेष योग शिविर का आयोजन होगा। कार्यक्रम के समापन पर सभी बच्चों को मिठाई वितरित की गई। इस गरिमामय अवसर पर नीरज गुर्जर, शिवानी मीणा, गणेश योगी, योग शिक्षक रीना गुर्जर सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। यह आयोजन न केवल बच्चों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में सफल रहा, बल्कि शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों के समावेश का एक अनुपम उदाहरण भी पेश किया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story